राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (फाइल फोटो)
- फोटो : ट्विटर
महात्मा गांधी की मजबूत, जीवंत विचारधारा दुनिया के लिए हमेशा प्रासंगिक रहेगी। यह बात राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर एक संदेश में कही। साथ ही उन्होंने लोगों से देश के कल्याण के लिए उनके मूल्यों और शिक्षाओं का पालन करने का अनुरोध किया।
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, गांधीजी के सत्य और अहिंसा के आदर्शों ने दुनिया के लिए एक नया मार्ग प्रशस्त किया। गांधीजी ने न केवल जीवन भर अहिंसा के लिए लड़ाई लड़ी, बल्कि उन्होंने स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और किसानों के अधिकारों का भी मुद्दा उठाया और संघर्ष किया।
गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर दिए अपने संदेश में उन्होंने कहा, गांधीजी ने देश को स्वतंत्रता संग्राम में भाग लेने के लिए प्रेरित किया और एक बड़े आंदोलन का नेतृत्व किया जिसने इतिहास की दिशा बदल दी और आजादी मिली। राष्ट्रपति ने कहा, सभी नागरिकों की ओर से, मैं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी 154वीं जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं।
अपने संदेश में उन्होंने कहा, मार्टिन लूथर किंग जूनियर, नेल्सन मंडेला, बराक ओबामा और दुनिया के कई अन्य राजनेता गांधीजी के विचारों से प्रभावित थे। गांधी जयंती के शुभ अवसर पर, आइए हम देश के कल्याण के लिए खुद को समर्पित करने के लिए अपने विचारों, भाषण और कार्यों में उनके मूल्यों और शिक्षाओं का पालन करने का संकल्प लें।