कश्मीर में अतंकवादियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई पर लगे विराम (सीजफायर) को आगे बढाने के मसले पर गृहमंत्री राजनाथ सिंह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच शुक्रवार देर शाम बातचीत हुई। पत्रकार सुजात बुखारी और आरआर रायफल्स के सिपाही की हत्या के मद्देनजर कश्मीर के ताजा हालात पर राजनाथ ने प्रधानमंत्री को पूरी जानकारी दी। अभी यह साफ नहीं है कि सीजफायर की अवधि बढाए जाने पर क्या फैसला लिया गया है।
प्रधानमंत्री आवास पर गृहमंत्री और प्रधानमंत्री की यह बैठक थोड़ी देर ही चली। माना जा रहा है कि एक बार फिर सेना समेत सभी पक्षों से विचार विमर्श के बाद इस मसले पर अंतिम फैसला सोमवार को लिया जाएगा।
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने इस बैठक से पहले ही साफ कर दिया था कि इसके बारे में वह 17 तारीख को बोलेंगे। हालांकि माना जा रहा है कि घाटी में पिछले एक हफ्ते में हुए ताजा घटनाओं के बाद केंद्र पर सीजफायर खत्म कर ऑपरेशन ऑल आउट दोबारा शुरु करने का जबरदस्त दबाव है। सरकारी सूत्रों केमुताबिक जो भी फैसला होगा उसे आधिकारिक तौर पर बताया जाएगा।