राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 29 जून है। मुर्मू ने चुनाव में समर्थन के लिए विभिन्न दलों के नेताओं से फोन पर संपर्क किया है। वहीं यशवंत सिन्हा भी अपने समर्थन के लिए नेताओं से संपर्क कर रहे हैं।
अगले महीने 18 तारीख को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए अब तक राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू और विपक्षी प्रत्याशी यशवंत सिन्हा समेत 56 लोग अपना नामांकन करा चुके हैं। राज्यसभा सचिवालय के अनुसार, नामांकन कराने वालों में लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक के पद्मराजन भी हैं। वह अब तक 231 चुनाव लड़ चुके हैं लेकिन किसी में भी उन्हें जीत नसीब नहीं हुई। उनकी गणना सबसे असफल उम्मीदवारों में होती है।
विज्ञापन
इस चुनाव के लिए नामांकन कराने वाले राम कुमार शुक्ला का कहना है कि राष्ट्रपति के पास न्यूनतम सुविधाएं होनी चाहिए और उसे जनता की भलाई के लिए ज्यादा से ज्यादा काम करना चाहिए। साथ ही उनका कहना है कि यदि कोई व्यक्ति राष्ट्रपति बनता है तो उसे तीन की जगह एक आवास में रहना चाहिए।
साथ ही सेना और सशस्त्र बलों के कल्याण के बारे में आवाज बुलंद करने वाले कई संगठनों के साथ काम कर चुके अशोक कुमार ढींगरा ने भी नामांकन भरा है। वह खुद को राष्ट्रपति पद के लिए उचित उम्मीदवार मानते हैं। दुर्घटनाओं के पीड़ितों की मदद का काम करने वाले सूरज प्रकाश का मानना है कि उनमें देश का राष्ट्रपति बनने की सारी योग्यताएं हैं। राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 29 जून है।