राममंदिर मामले की सुनवाई एक बार फिर टल जाने से हिंदुओं में बड़ी निराशा है। प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि यह हिंदुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। लेकिन उन्होंने इसके लिए सीधे केंद्र सरकार पर हमला बोला और कहा कि छप्पन इंच की छाती होने का दावा करने वाले राममंदिर पर कानून क्यों नहीं बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से राममंदिर पर कानून बनाने की बात कहकर भाजपा आज तक हिंदुओं के वोट लेते आई है, लेकिन आज जब उनके पास बहुमत है तब वे कानून क्यों नहीं बना रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने गुरुवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा कि भाजपा मंदिर नहीं बनाना चाहती है। वह केवल माहौल बनाए रखना चाहती है जिससे दूसरी पार्टियों को हिंदू विरोधी बताकर वह हिंदुओं का वोट लेती रहे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस से पहले ही लोग निराश थे, अब भाजपा के साढ़े चार साल के कामकाज को देखकर लोग निराश हो गए हैं। हिंदुओं को अब समझ आ गया है कि ये लोग राममंदिर नहीं बनाने वाले, बल्कि वे खुद राममंदिर बनाएंगे। उनकी पार्टी इसके लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार साल तक राममंदिर पर कानून न बनाने के लिए भाजपा और आरएसएस को देश के हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए।