गुजरात सीआईडी भाजपा के पूर्व विधायक जयंती भानुशाली की हत्या मामले में भाजपा के एक संदिग्ध नेता छबील पटेल के ठिकाने का पता लगा रही है। ऐसा पटेल के परिवार के उनके अमेरिका में रहने के दावे के बाद किया जा रहा है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने अहमदाबाद एयरपोर्ट अधिकारियों से भानुशाली की हत्या के दौरान, यहां से देश से बाहर जाने वाले सभी लोगों के बारे में सूचना भी मांगी है। चलती ट्रेन में मंगलवार को भानुशाली की उस समय गोली मार कर हत्या कर दी गई थी जब वह गुजरात में कच्छ जिले के भुज शहर से अहमदाबाद लौट रहे थे। बुधवार को कच्छ जिले में गांधीधाम रेलवे थाने में दर्ज प्राथमिकी में पटेल, उसके बेटे और एक महिला सहित चार अन्य लोगों को ‘संदिग्ध’ बताया गया है।