भोपाल से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को रक्षा मंत्रालय की संसदीय सलाहकार समिति में बतौर सदस्य शामिल किया गया है। बता दें कि साध्वी पर मालेगांव धमाकों में शामिल होने का आरोप है।
भाजपा ने कांग्रेस की आपत्ति और इसे सुरक्षा बलों का अपमान बताए जाने को नासमझी का सबसे बड़ा प्रमाण करार दिया है। भाजपा प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य राकेश सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी की नासमझी का यह सबसे बड़ा प्रमाण है। प्रज्ञा ठाकुर भोपाल से चुनाव जीतकर आई हैं। वह सांसद हैं। सांसद होने के नाते समितियों में सदस्य चुना जाना उनका अधिकार है।
नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को आरोपी बनाए जाने का हवाला देते हुए सिन्हा ने कहा, ‘सांसद होने के नाते प्रज्ञा ठाकुर के वही अधिकार हैं जो सोनिया और राहुल गांधी के हैं। प्रज्ञा ठाकुर और सोनिया गांधी में अगर अंतर करेंगे तो मैं यही कह सकता हूं कि सोनिया गांधी नेशनल हेराल्ड मामले में जमानत पर हैं, क्या वह सभी संसदीय समितियों से इस्तीफा देंगी।’