अब ऊर्जा क्षेत्र में प्रशिक्षित होने वाले युवाओं को रोजगार के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। स्किल इंडिया के तहत पावर सेक्टर स्किल काउंसिल (पीएसएससी) ने ऐसे युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए ‘विद्युत रोजगार’ नाम से जॉब पोर्टल बनाया है। इसके माध्यम से अब इस क्षेत्र में रोजगार की सारी जानकारियां मिल जाया करेंगी। वहीं, कंपनियों को अच्छे प्रशिक्षित कर्मी मिलेंगे। पीएसएससी की कोशिश युवाओं को स्थानीय स्तर पर जॉब दिलवाकर आत्मनिर्भर बनाना है।
केंद्रीय कौशल विकास व उद्यमिता मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक इस पोर्टल से नियोक्ता योग्य उम्मीदवार ढूंढ सकेंगे तो उम्मीदवार को ऊर्जा से संबंधित विभिन्न कंपनियों में होने वाली भर्ती के बारे में पता चल सकेगा। अन्य प्राइवेट जॉब पोर्टल से इतर पीएसएससी के ‘विद्युत रोजगार’ पोर्टल पर उम्मीदवारों से किसी तरह की फीस नहीं ली जाएगी।
पोर्टल पर देश भर में फैले पीएसएससी के विभिन्न ट्रेनिंग पार्टनर और इंडस्ट्री पार्टनर के माध्यम देश के विभिन्न हिस्सों में ऊर्जा के क्षेत्र से संबंधित जॉब को भी सूचीबद्ध किया जाएगा। समय-समय पर युवाओं को काउंसलिंग के जरिये नौकरी दिलाने में मदद भी की जाएगी। यहां आवेदन करने के बाद सीधे कंपनी की नीति के अनुसार भर्तियां होगी। इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करने के बाद ही जॉब पोस्ट किया जा सकता है या नौकरी के लिए आवेदन कर सकेंगे।