द्रमुक की नेता एम. कनिमोझी ने कहा है कि तमिलनाडु की सत्ता में लौटने पर उनकी पार्टी कोयंबटूर के सनसनीखेज पोलाची यौन उत्पीड़न मामले में पीड़ितों को न्याय दिलाएगी और मामले के आरोपियों को दंडित करेंगे
कनिमोझी ने कोयंबटूर के समीप पोलाची में एक विरोध प्रदर्शन रैली को संबोधित करते हुए रविवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक, पार्टी के छात्रसंघ नेता अरुलालांदम को बचाने का प्रयास कर रही है, जिसे हाल ही में इस मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस मामले में शामिल कई अन्य लोग इस पार्टी से संबंधित हैं। उन्होंने दावा किया कि द्रमुक तब तक लड़ाई जारी रखेगी जब तक न्याय नहीं मिल जाता।
सत्ता में बदलाव का जताया भरोसा
द्रमुक की महिला इकाई की सचिव कनिमोझी ने कहा कि आरोपी कितने भी प्रभावशाली हों उन्हें न्याय के दायरे में लाया जाएगा, क्योंकि आने वाले विधानसभा चुनावों के बाद ‘शासन में बदलाव’ होगा। कुछ आरोपियों की तस्वीरें अन्नाद्रमुक नेताओं के साथ आनलाइन आने का जिक्र करते हुए द्रमुक सांसद ने दावा किया कि यह मंत्रियों के साथ उनके संबंधों का स्पष्ट प्रमाण है।
कनिमोझी ने सवाल किया कि मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी, जो खुद एक किसान होने का दावा करते हैं, केंद्र के नए कृषि कानूनों का क्यों समर्थन कर रहे हैं, जिसके खिलाफ सैकड़ों किसान दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
इससे पहले, द्रमुक नेता कनिमोझी और उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को कोयंबटूर पुलिस ने विरोध स्थल पर जाने से रोका था, इसके बाद वे सड़क पर बैठ गए। हालांकि, कनिमोझी को आगे बढ़ने दिया गया। विरोध प्रदर्शन में द्रमुक के वरिष्ठ नेता एवं एमडीएमके, केएमडीके, वीसीके, एसडीपीआई के प्रतिनिधि शामिल थे।