आंध्र प्रदेश की राजनीति में इन दिनों बयानबाजी और हमलों को लेकर माहौल गरम है। नेल्लोर जिले में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के पूर्व विधायक नल्लापुरेड्डी प्रसन्ना कुमार रेड्डी ने आरोप लगाया है कि तेलुगु देशम पार्टी के समर्थकों ने उनके घर पर हमला कर उसे पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया। यह हमला उनके एक बयान के बाद हुआ, जिसमें उन्होंने स्थानीय महिला विधायक पर टिप्पणी की थी।
प्रसन्ना रेड्डी ने कहा कि सोमवार रात नौ बजे उन्होंने टीडीपी विधायक वीमीरेड्डी प्रशांति रेड्डी की सार्वजनिक आलोचना की थी। उसी रात, जब वे अपने बेटे रजत रेड्डी के साथ घर से बाहर थे, तभी टीडीपी समर्थकों की भीड़ उनके घर में घुस आई। उन्होंने दावा किया कि हमलावरों ने खिड़कियों को तोड़ा, फर्नीचर को तोड़ा और दो कारों को क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही, सीसीटीवी की हार्डडिस्क भी चुरा ली गई।
घर में मौजूद 80 वर्षीय मां को दी धमकी
घटना के वक्त घर में केवल उनकी 80 वर्षीय मां थीं। रेड्डी ने कहा कि उनकी मां इस हमले से बुरी तरह डर गईं और हमलावरों ने उन्हें धमकाया भी। रेड्डी का कहना है कि अगर वह घर में मौजूद होते तो उन्हें मार डाला जाता। उन्होंने दावा किया कि हमलावर शराब या गांजे के नशे में थे।
पुलिस पर लगा पक्षपात का आरोप
प्रसन्ना रेड्डी ने आरोप लगाया कि पुलिस टीडीपी सरकार के इशारे पर काम कर रही है और विपक्षी नेताओं को कोई सुरक्षा नहीं मिलती। उन्होंने नेल्लोर के एसपी से इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही कहा कि उनके परिवार को 1961 से राजनीति का अनुभव है, लेकिन कभी ऐसी घटना नहीं देखी।
महिला विधायक पर टिप्पणी बनी विवाद की वजह
दूसरी ओर, टीडीपी नेताओं का कहना है कि यह हमला प्रतिक्रिया थी, क्योंकि प्रसन्ना रेड्डी ने विधायक वीमीरेड्डी प्रशांति रेड्डी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। आईटी मंत्री और टीडीपी महासचिव नारा लोकेश ने कहा कि प्रसन्ना रेड्डी की भाषा ‘अपमानजनक और गैरकानूनी’ थी। उन्होंने सवाल उठाया कि वाईएसआरसीपी के कुछ नेताओं में महिलाओं के प्रति इतनी नफरत क्यों है?
ये भी पढ़ें- मुहर्रम के जुलूस के दौरान उपद्रव पर विहिप ने जताई चिंता, कठोर कार्रवाई की मांग की
कल्याण मंत्री सविता ने भी जताई नाराजगी
बीसी कल्याण मंत्री सविता ने भी इस पर नाराजगी जताई और कहा कि प्रसन्ना रेड्डी को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने याद दिलाया कि प्रशांति रेड्डी पहले वाईएसआरसीपी की ही नेता थीं। मंत्री ने कहा कि जब एक महिला को सार्वजनिक रूप से अपशब्द कहे जाएंगे, तो समाज को क्या संदेश जाएगा?
ये भी पढ़ें- भाषा विवाद के बीच निशिकांत दुबे का राज ठाकरे पर हमला; बोले- कभी यूपी-बिहार आओ, तुम्हें...
जगन मोहन रेड्डी ने जताई नाराजगी
वाईएसआरसीपी प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने प्रसन्ना रेड्डी से फोन पर बात कर उनकी चिंता साझा की और इस हमले को कानून व्यवस्था की विफलता बताया। उन्होंने हमले की निंदा की और कहा कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है।