केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान
- फोटो : एएनआई
कांग्रेस के घड़ियाली आंसू महज दिखावा: प्रधान
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी डॉ. आंबेडकर के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से ही भीमराव आंबेडकर से नफरत करती रही है। कांग्रेस ने एनसीईआरटी की एक किताब में एक कार्टून भी बनवाया, इसमें जवाहरलाल नेहरू को आंबेडकर को 'कोड़े मारते' हुए दिखाया गया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अचानक कांग्रेस के अंदर बाबा साहेब आंबेडकर के प्रति सम्मान उमड़ पड़ा है। बाबासाहेब को लेकर कांग्रेस के ये घड़ियाली आंसू सिर्फ दिखावा हैं, इनकी कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है।
एक्स पर पोस्ट में प्रधान ने लिखा कि कांग्रेस की बाबासाहेब को लेकर नफरत और घृणा जगजाहिर है। कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए-2 सरकार में 2012 में NCERT की कक्षा 11 की किताब में एक शर्मनाक कार्टून शामिल किया गया था, जिसमें पंडित नेहरू को बाबासाहेब आंबेडकर को कोड़े मारते हुए दिखाया गया था। भाजपा के पुरजोर विरोध के बाद तत्कालीन मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल ने माफी मांगते हुए इसे वापस लेने की घोषणा की थी।
प्रधान ने कहा कि ऐसा शर्मनाक कृत्य अनजाने में तो कतई नहीं हो सकता। निश्चित रूप से शाही परिवार की मंजूरी के बाद ही बाबासाहेब के प्रति नफरत से भरा ये कार्टून सार्वजनिक हुआ था और ये पूरा देश जानता है कि उस समय की रिमोट से चलने वाली सरकार का कंट्रोल किसके पास था।
उन्होंने कहा कि खुद को भारत रत्न देने वाले भ्रष्ट मानसिकता के लोगों ने कभी बाबासाहेब को उचित सम्मान नहीं दिया। जब प्रधानमंत्री मोदी बाबा साहेब आंबेडकर को भव्य सम्मान दे रहे हैं तो कांग्रेस इसे पचा नहीं पा रही है। बाबा साहेब आंबेडकर के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंकने वाली कांग्रेस केवल मजबूरी में उनका नाम लेती है। जबकि सच्चाई यही है कि जवाहर लाल नेहरू से लेकर राहुल गांधी तक पूरी कांग्रेस हमेशा बाबा साहेब से नफरत करती रही है।