पालघर में मोटरसाइकिल की टक्कर से छात्रा की मौत
महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई शहर में बुधवार को स्कूल से घर लौट रही 14 वर्षीय छात्रा की मोटरसाइकिल से टकराने के बाद मौत हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद बाइक सवार मदद किए बिना भाग गया। स्थानीय लोगों द्वारा उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है।
नागपुर में व्यवसायी के घर से नकदी-आभूषण लूट ले गए डकैत
नागपुर के कपिल नगर इलाके में पांच हथियारबंद बदमाशों ने बुधवार रात व्यवसायी राजेश पांडे के घर में धावा बोला। चाकू और लोहे की रॉड से लैस डकैत तीन लोहे की खिड़की की ग्रिल काटकर घर में दाखिल हुए। आहट सुनकर घर में सो रहे परिवार के लोगों की आंख खुल गई। इस दौरान डकैतों ने उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी घर में रखी 11.2 लाख रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी सीसीटीवी का डीवीआर, एक एसयूवी और छह मोबाइल फोन भी ले गए। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुणे में हुए कार हादसे में मरने वालों की संख्या तीन हुई
पुणे जिले में नौ दिसंबर को बारामती-भिगवान रोड पर पेड़ से टकराने के बाद हुई कार दुर्घटना में मरने वालों की संख्या तीन पहुंच गई है। दुर्घटना में घायल हुई 21 वर्षीय महिला चेष्टा बिश्नोई ने मंगलवार शाम एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में प्रशिक्षु चालक तक्षु शर्मा, आदित्य कनासे की पहले ही मौत हो चुकी है। जबकि कृष्णा सिंह और चेष्टा बिश्नोई इस हादसे में घायल हुए थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार सवारों ने भिगवान की ओर कार में जाने से पहले बारामती में एक पार्टी के दौरान शराब का सेवन किया था। उन्होंने बताया कि चेष्टा बिश्नोई की मौत के बाद, राजस्थान निवासी उसके परिवार वालों ने उसकी आंखें, लीवर, हृदय और गुर्दे दान कर दिए।
महाराष्ट्र राज्य सड़क और परिवहन निगम 2025 में अपने घटते बेड़े में 3,500 नई बसें शामिल करेगा। इससे वाहनों के खराब होने और यात्रियों के लिए लंबे समय तक इंतजार करने समस्याओं पर अंकुश लगेगा। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। बुधवार को नागपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए एमएसआरटीसी के अध्यक्ष भरत गोगावले ने बताया कि उन्होंने अपने बेड़े में 2,200 बसों को खरीदने का फैसला किया है। इसके अलावा 1300 बसों को लीज पर लिया जाएगा।
गोगावले ने कहा, "ये 3500 बसें जनवरी में बेड़े में शामिल होना हो जाएंगी। इससे सड़क पर बसों के खराब होने और यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करने जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी।" उन्होंने आगे कहा, "राज्य संचालित परिवहन निकाय के बेड़े में भारी कमी आई है। कोविड-19 महामारी से पहले 2018 में इसकी बसों की संख्या 18000 से घटकर 14000 हो गई है।"
गोगावले ने बताया कि महामारी और अन्य कारणों से एमएसआरटीसी नई बसें खरीदने में सक्षम नहीं थी। कमी के कारण निगम के लिए बढ़ती मांगों को पूरा करने के लि अतिरिक्त बस सेवाएं प्रदान करना कठिन हो गया। एमएसआरटीसी ने 2022 में एक निर्माता से 5,100 इलेक्ट्रिक बसें किराए पर लेने का ऑर्डर दिया था, लेकिन कंपनी ने अभी तक एक हजार बसों की आपूर्ति नहीं की। इससे निगम के लिए परिचालन का प्रबंधन करना मुश्किल हो गया।
तबादले के बाद वाली जगह पर नहीं रहने वाले सरकारी कर्मी को HRA का लाभ नहीं
महाराष्ट्र सरकार अपने उन कर्मचारियों के लिए मकान किराया भत्ता (एचआरए) बंद करने की योजना बना रही है, जो अपने तय किए गए स्थानांतरण स्थानों पर नहीं रहते हैं। यह जानकारी बुधवार को कैबिनेट मंत्री शंभुराज देसाई ने विधान परिषद में दी। यह मुद्दा स्थानांतरण के नियमों और सरकारी कर्तव्यों में देरी को रोकने के लिए पेश किए गए विधेयक के दौरान उठाया गया। इस विधेयक का उद्देश्य उन कर्मचारियों द्वारा एचआरए का दुरुपयोग रोकना है, जो अपने स्थानांतरण स्थानों पर रहने के बजाय दूर-दूर तक यात्रा करते हैं। विधेयक में केंद्र सरकार की नीतियों के समान, सरकारी कर्मचारियों, विशेषकर डॉक्टरों को हर तीन साल में स्थानांतरित करने का भी प्रस्ताव है। चर्चा के दौरान, सदस्यों ने सरकारी अस्पतालों में केवल अंशकालिक रूप से काम करने वाले चिकित्सा पेशेवरों और निजी प्रैक्टिस में संलग्न होने, रोगी देखभाल को कम करने के बारे में चिंता जताई। मंत्री देसाई ने परिवर्तनों का समर्थन किया और जवाबदेही और सार्वजनिक संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया।