केरल की नन के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी जालंधर के रोमन कैथोलिक बिशप फ्रैंको मुलक्कल के खिलाफ पुलिस को सबूत मिले हैं। पुलिस ने सोमवार को केरल हाईकोर्ट को बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी फ्रैंको मुलक्कल ने नन के साथ कई बार दुष्कर्म किया था।
इस मामले की तेजी से जांच करने को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। पुलिस ने कोर्ट को बताया कि विशेष टीम प्रभावी और निष्पक्ष रूप से मामले की जांच कर रही है, जिसके बाद कोर्ट ने जांच को लेकर दायर याचिका रद्द कर दी। पुलिस की ओर से पेश वकील ने कोर्ट को बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी सबूतों की जांच के बाद की जाएगी।
शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी ने नन के साथ कई बार रेप किया। उसने नन को जबरन कोट्टयम के सेंट फ्रांसिस मिशन होम के गेस्टरूम में बंद रखा। गौरतलब है कि पीड़ित ने आरोपी फ्रैंको मुलक्कल के खिलाफ 2014 से 2016 के दौरान कई बार जबरन अप्राकृतिक सेक्स और रेप करने का आरोप लगाया था। इसके बाद केरल कैथोलिक चर्च रिफॉर्मेशन मूवमेंट (केसीआरएम) ने केरल हाईकोर्ट में मामले की तेजी से जांच किए जाने को लेकर याचिका दायर की थी।