केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार को राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पहुंचे। पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर उन्होंने ड्यूटी पर जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान शाह ने कहा, मातृभूमि की रक्षा के लिए जान गंवाने वाले पुलिस के जवानों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।
सीएम योगी ने भी दी श्रद्धांजलि
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी लखनऊ स्थित पुलिस लाइन पहुंचकर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा, हमारे पुलिस जनों ने अत्यंत कठिन परिस्थितियों में भी रात-दिन अपने कर्तव्यों को सर्वोपरि मानकर अपराधियों पर नियंत्रण करने, कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने एवं महिलाओं के सुरक्षा करने में अपनी सराहनीय भूमिका निभाई है।
सभी राज्यों के सीएम ने भी श्रद्धांजलि
पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने गांधी नगर पालिका स्टेडियम में पुलिस स्मृति दिवस परेड में हिस्सा लिया। वहीं त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने देबबर्मा स्मृति स्टेडियम में पुलिस स्मृति दिवस परेड में हिस्सा लिया और श्रद्धांजलि दी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने पुलिस स्मृति दिवस परेड में हिस्सा लिया।