प्रवर्तन निदेशालय ने रविवार को नीरव मोदी और मेहुल चोकसी के देशभर में 47 जगहों पर छापेमारी की। इनमें गीतांजलि के दिल्ली में पांच और चंडीगढ़ स्थित एक शोरूम भी शामिल है। यहां से ईडी ने सोने और हीरे के जेवरात जब्त किए। इसके अलावा शनिवार रात को रायपुर स्थित शोरूम भी छापेमारी की। इस बीच, सीबीआई भी गीतांजलि ग्रुप की 18 सहायक कंपनियों की बैलेंस शीट जांचने में जुट गई है।
नीरव-राहुल में करीबी रिश्ते
भाजपा महासचिव राम माधव ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और
पीएनबी घोटाले के मुख्य आरोपी नीरव मोदी के बीच करीबी रिश्ते होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि इस रहस्य की परतें धीरे-धीरे खुलेंगी और जब सच्चाई सामने आएगी तो कांग्रेस को जवाब देना भारी पड़ जाएगा। इससे पहले रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी की पत्नी और बेटे के नीरव मोदी से संबंधों का खुलासा किया था।
बैंकिंग प्रणाली पर श्वेत पत्र लाए केंद्र
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने आरोप लगाया कि पिछले पांच साल के दौरान बैंकों को धोखाधड़ी के चलते 61000 करोड़ रुपये की चपत लग चुकी है। यह आंकड़ा रिजर्व बैंक का है। अब तो रोज एक नया बैंक घोटाला सामने आ रहा है और आरोपियों के भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से करीबी भी पता चल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार बैंकिंग प्रणाली पर श्वेत पत्र लाना चाहिए ताकि लोगों को सच्चाई का पता चल सके।