साउथ ब्लॉक यानी प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ), रक्षा और विदेश मंत्रालय में सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने वाले कर्मचारियों, अधिकारियों को लेकर सरकार सतर्क हो गई है।
सरकार ने सोशल मीडिया में अधिकारियों, कर्मचारियों की मौजूदगी के संभावित खतरों को ध्यान में रखकर यह कदम उठाया है। कई सरकारी अधिकारी-कर्मचारी सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। इस वजह से केंद्र सरकार ने वहां काम करने वाले स्टाफ से उनके सोशल मीडिया अकाउंट की जानकारी मांगी है।
सूत्र बताते हैं कि पिछले दिनों भारतीय प्रशासनिक सेवा के दो अफसर इसके घेरे में आ गए थे। खुफिया एजेंसियां इस बारे में लगातार सतर्क रही थीं। इन अधिकारियों ने देश की एक बड़ी शख्सियत के बारे में सोशल मीडिया (फेसबुक) पर कुछ आपत्तिजनक कमेंट कर दिया था। हालांकि वह पोस्ट इन अफसरों ने नहीं डाली थी, लेकिन उन्होंने किसी दूसरे व्यक्ति की पोस्ट पर कमेंट किया था।
कमेंट करने के दो सप्ताह बाद वह पोस्ट साउथ ब्लॉक के किसी बड़े अधिकारी तक पहुंच गई। इसके बाद दोनों अफसरों से जवाब तलब किया गया। उन्होंने जिस अकाउंट के जरिए कमेंट किया था, वह सही था। दोनों अफसरों ने भी स्वीकार किया है कि वह अकाउंट फर्जी नहीं है। इसके बाद दोनों अफसरों का तबादला कर दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, इनमें से एक अफसर को अंडमान तो दूसरे को जम्मू कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र में भेजा गया है। एक अफसर ने तो कुछ माह पहले ही अपने बच्चे का दाखिला दिल्ली के एक नामी स्कूल में कराया था, जहां अधिकतर आईएएस-आईपीएस अफसरों के बच्चे पढ़ते हैं।
इस घटना के बाद सरकार हरकत में आ गई। साउथ ब्लॉक में कार्यरत सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने वाले सभी कर्मचारी और अधिकारी जांच एजेंसियों के राडार पर आ गए और प्रशासनिक स्तर पर इस तरह की घटना का दोहराव रोकने के लिए सभी से उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स की जानकारी मांग ली गई है।
सरकार सोशल मीडिया और इंटरनेट के प्रयोग पर समय-समय पर गाइड लाइन जारी करती रहती है। मंत्रालयों के कंप्यूटर को हैकर्स और सेंधमारों से बचाने के लिए भी तरह-तरह की सावधानी बरती जाती है। ऐसा भी देखने में आया है कि कुछ सरकारी कर्मी फर्जी आईडी के सहारे सूचनाओं को गलत हाथों तक आगे पहुंचाते हैं।
केंद्र सरकार के एक वरिष्ठ अफसर का कहना है कि संभावित चुनौतियों को देखकर समय-समय पर इस तरह के एहतियात बरते जाते हैं। स्टाफ के लिए निर्देश जारी किया गया कि वे सोशल मीडिया पर अशांति या राष्ट्र विरोधी प्रचार करने वालों से बचें। उन पर किसी तरह का कोई कमेंट न करें और न ही उस विषय या सामग्री को आगे बढ़ायें। इसका असर यह हुआ कि स्टाफ के अनेक सदस्यों ने पुराना बिना इंटरनेट का पुराना मोबाइल फोन इस्तेमाल करना शुरू कर दिया।