प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग को हाथ से बनी बड़ी सिल्क की शॉल तोहफे में दी। शॉल पर सोने से जिनपिंग की तस्वीर उकेरी गई है। इसे तैयार करने में पांच दिन लगे हैं। इससे पहले शुक्रवार को पीएम मोदी ने जिनपिंग को तंजावुर की पेंटिंग और नचियारकोइल दीप तोहफे में दिए थे।
मोदी के 'प्लॉगिंग' वीडियो को शाह ने किया रीट्वीट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाबलीपुरम में समुद्र तट पर कचरा उठाने के वीडियो को ट्वीट कर कहा, हम सब सुनिश्चित करें कि हमारे सार्वजनिक स्थान साफ व सुंदर रहें। चलिए, सुनिश्चित करते हैं कि हम स्वस्थ और सेहतमंद रहें। एक अन्य ट्वीट में मोदी ने कहा, मामल्लापुरम में खूबसूरत तट के किनारे तरोताजा करने वाली सैर और कसरत। पीएम के वीडियो को भाजपा अध्यक्ष और गृहमंत्री अमित शाह ने रीट्वीट किया।
शाह ने ट्वीट किया, एक सच्चा नेता उदाहरण के द्वारा आगे बढ़ता है। स्वच्छता के प्रति उनके अथक प्रयासों के लिए हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आभारी हैं। स्वच्छ और समृद्ध भारत के उनके संकल्प को आगे बढ़ाएं। गौरतलब है कि पिछले महीने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में ‘प्लॉगर’ रिपुदमन बेल्वी की सराहना की थी। भारत के संभवत: पहले ‘प्लॉगर’ बेल्वी ने जॉगिंग (सुबह की सैर) के दौरान कूड़ा उठाने का अभियान शुरू किया है।