प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में बालाकोट एयरस्ट्राइक की योजना को लेकर एक दावा किया । उन्होंने कहा कि जब ये योजना बन रही थी, तब मैंने विशेषज्ञों को एक सुझाव दिया था। मैंने कहा था कि आसमान में छाए बादल और भारी बारिश हमें पाकिस्तानी रडार से बचने में मदद कर सकते हैं। इस बयान के बाद से ही सोशल मीडिया पर तमाम पार्टियों के नेता और यूजर्स ने आलोचना शुरू कर दी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोदी ने इंटरव्यू में कहा कि ‘मौसम एकाएक खराब हो गया था। आसमान में बादल छाए थे। भारी बारिश हो रही थी। विशेषज्ञों के मन में मौसम को लेकर शंका थी। वे सोच रहे थे क्या वाकई बादलों के रहते हम ऐसा कुछ कर सकते हैं? कुछ विशेषज्ञों ने कहा यदि हम तारीख बदल दें तो?मगर मेरे दिमाग में दो ही बातें थीं। एक तो इस बात का गुप्त रहना । दूसरा मैंने विशेषज्ञों से कहा कि मैं कोई ऐसा व्यक्ति नहीं हूं जो विज्ञान का जानकार हो । मैंने कहा कि वहां बादल छाए हैं। भारी बारिश हो रही है। मगर ये फायदेमंद भी है। मेरी एक कच्ची सोच है कि बादल हमें फायदा दे सकते हैं । हम रडार से बच सकते हैं तब हर कोई गफलत में पड़ गया। आखिरकार मैंने कहा कि चलिए करते हैं।’
कांग्रेस ने कसा तंज- सोचा था क्लाउडी है मौसम नहीं आऊंगा रडार में...
प्रधानमंत्री मोदी के बयान के बाद कांग्रेस पार्टी की ओर से तंज कसा गया । कांग्रेस ने मोदी के बयान को लेकर ट्वीट किया कि 'जुमला ही फेंकता रहा पांच साल की सरकार में, सोचा था क्लाउडी है मौसम, नहीं आऊंगा रडार में ।'
ओवैसी ने कहा- आपके बटुए में हर डिपार्टमेंट का फॉर्मूला है
एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री मोदी के बयान को लेकर ट्वीट किया कि सर सर आप तो गजब के एक्सपर्ट हैं, सर रिक्वेस्ट है चौकीदार रिमूव कर दीजिए और एयर चीफ मार्शल और प्रधान.... क्या टॉनिक पीते हैं । आपके बटुए में हर डिपार्टमेंट का फॉर्मूला है सिवाय रोजगार, अर्थव्यवस्था, औद्योगिक विकास, कृषि समस्याओं के अलावा (मित्रों लगे रहो) ।
येचुरी बोले- मोदी के शब्द वायुसेना का अपमान
सीपीआई (एम) के महासचिव सीताराम येचुरी ने भी प्रधानमंत्री मोदी के बयान को लेकर ट्वीट किया । उन्होंने लिखा के मोदी के शब्द बेहद शर्मनाक हैं । सबसे खास तौर पर इसलिए क्योंकि उन्होंने अपने बयान में वायुसेना को अज्ञानी और अदक्ष बताते हुए अपमान किया है । मोदी का बयान देकर एयरस्ट्राइक के बारे में जानकारी देना अपने आप में ही राष्ट्र विरोधी है और कोई देशभक्त ऐसा नहीं करेगा । येचुरी ने चुनाव आयोग से भी इस मामले में शिकायत की है ।
पुलवामा हमले के बाद वायुसेना ने की थी एयरस्ट्राइक
बता दें कि पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद 26 फरवरी को भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान में आतंकवादियों के ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी। सेना के विमानों ने बालाकोट स्थित जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों को निशाना बनाया था । मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एयर स्ट्राइक में करीब 350 आतंकी मारे गए।