यह मौका तो जी20 सम्मेलन के दौरान हुए रात्रि भोज का था, लेकिन इससे निकली तस्वीरें अब तक सुर्खियों में बनी हुई हैं। भारत मंडपम में शनिवार रात हुए 'गाला डिनर' की कुछ और तस्वीरें सामने आई हैं। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का अलग अंदाज देखा जा सकता है।
शनिवार को रात्रि भोज शुरू होने से पहले भारत मंडपम के बाहर प्रधानमंत्री मोदी ने जी20 में हिस्सा लेने आए राष्ट्र प्रमुखों और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के प्रमुखों की अगवानी की थी। उनके साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी मौजूद थीं। इस रात्रि भोज के लिए केंद्र सरकार के मंत्रियों और सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को न्योता दिया गया था। भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों से ज्यादा विपक्षी गठबंधन के घटक दलों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी चर्चा का विषय रही। इन्हीं में एक बड़ा नाम था बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार।
नई तस्वीरों में क्या खास है?
रात्रि भोज की दो नई तस्वीरें सामने आई हैं। पहली तस्वीर में चार और दूसरी तस्वीर में पांच लोग नजर आ रहे हैं। पहली तस्वीर बता रही है कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी भारत मंडपम के अंदर प्रवेश कर रहे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उनकी ओर देख रहे हैं और हाथ जोड़कर अभिवादन कर रहे हैं। जवाब में प्रधानमंत्री मोदी भी नमस्ते कर रहे हैं। दूसरी तस्वीर में भी यही चार शख्सियतें नजर आ रही हैं, लेकिन इसमें प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार का अंदाज अलग नजर आ रहा है। दोनों नेता एकदूसरे का गर्मजोशी से हाथ थामे हुए हैं और मुस्कुरा रहे हैं। इस तस्वीर में पांचवें व्यक्ति झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं, जो राष्ट्रपति मुर्मू का हाथ जोड़कर अभिवादन कर रहे हैं। राष्ट्रपति बाइडन भी हेमंत सोरेन की ओर देख रहे हैं।
तस्वीर क्यों चर्चा में?
प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार के बीच रिश्ते हमेशा से सुर्खियों में रहे हैं। नीतीश कुमार अटलजी के समय से एनडीए का हिस्सा थे। उनकी सरकार में रेल मंत्री भी रहे थे, लेकिन 2013 में जब नरेंद्र मोदी को भाजपा ने पीएम उम्मीदवार बनाया, तब वे एनडीए से अलग हो गए और 2014 में 20 साल के अंतराल के बाद दोबारा लालू प्रसाद के साथ चले गए। 2015 में उन्होंने राजद के साथ सरकार बना ली। उनके और भाजपा के बीच तल्ख रिश्ते रहे। हालांकि, 2017 में पाला बदलकर वे फिर एनडीए में आ गए। इसके बाद कई तस्वीरें देखने को मिलीं, जिनसे संकेत मिले कि मोदी और नीतीश के बीच अब सबकुछ ठीक है। 2019 के लोकसभा चुनाव और 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश एनडीए के साथ थे, लेकिन अगस्त 2022 में उन्होंने फिर पाला बदला और राजद की अगुआई वाले महागठबंधन में शामिल हो गए। तब से लेकर विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के गठन तक वे प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ मुखर रहे हैं। ऐसे में जी20 के रात्रि भोज से दोनों नेताओं की यह तस्वीर बहुत कुछ कह रही है।
मांझी बोले- भूचाल आएगा
इन तस्वीरों पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने एक चैनल से बातचीत में कहा कि बिहार की राजनीति में भूचाल आने वाला है, देखिए आगे क्या होता है।
शनिवार को कौन सी तस्वीर सामने आई थी?
शनिवार को हुए भोज के बाद राष्ट्रपति मुर्मू, प्रधानमंत्री मोदी, सीएम नीतीश कुमार और हेमंत सोरेन की अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ तस्वीर सामने आई थी, लेकिन यह सामान्य और औपचारिक तस्वीर थी, जिसमें नेताओं के बीच कोई गर्मजोशी नजर नहीं आ रही थी।