देश में हर 10 में से नौ लोग पीएम मोदी को पसंद करते हैं। देश के करीब दो-तिहाई से अधिक लोगों इस बात से संतुष्ट हैं कि मोदी देश को सही दिशा में लेकर जा रहे हैं। यह बात प्यू सर्वे में सामने आई है। यह सर्वे 2019 में होने वाले आम चुनाव से दो साल पहले किया गया है।
नोटबंदी के बाद फरवरी और मार्च में हुए प्यू के सर्वे में सामने आया कि 88 फीसदी भारतीय पीएम मोदी को पसंद करते हैं। पीएम मोदी की यह लोकप्रियता साल 2015 की तुलना में एक फीसदी अधिक है।
पीएम मोदी के पक्ष में यह रेटिंग सोनिया गांधी की तुलना में 31 फीसदी और उनके बेटे राहुल गांधी से 30 फीसदी अधिक है। सर्वे में कहा गया है कि दक्षिण एशिया जहां लोग चुनावी वादाखिलाफी से परेशान होकर सत्ता परिवर्तन कर देते है, में सत्ता संभालने के तीन साल बाद भी ऐसी लोकप्रियता अस्वाभाविक है।
दूसरी तरफ आलोचक सरकार गठित होने के बाद से ही सत्ताधारी गठबंधन पर कट्टरवादी हिंदू संगठनों की तरफ से अल्पसंख्यकों को निशाना बनाने समेत विभाजनकारी एजेंडा को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हैं। वे मोदी सरकार पर विकास की गति को धीमा करने के साथ ही रोजगार के मोर्चे पर विफल होने का भी आरोप लगाते हैं।