ट्वेंटी20 पार्टी के एनडीए में शामिल होने और उसके प्रमुख की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के बाद केरल की राजनीति में हलचल तेज है। वडवुकोड-पुथेनक्रुज पंचायत में कांग्रेस सत्ता में तो है, लेकिन उसे ट्वेंटी20 के जरिए एनडीए का अप्रत्यक्ष समर्थन मिल रहा है। इस स्थिति ने कांग्रेस को असहज कर दिया है। आइए पूरे मामले को विस्तार से समझते हैं।
केरल की राजनीति में एक नया समीकरण उभरता दिख रहा है। ट्वेंटी20 पार्टी के प्रमुख की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है। ट्वेंटी20 के एनडीए में शामिल होने से एर्नाकुलम जिले की वडवुकोड-पुथेनक्रुज पंचायत में सत्ता संतुलन पूरी तरह बदल गया है।
विज्ञापन
वडवुकोड-पुथेनक्रुज पंचायत 17 सदस्यों की है। यहां लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट यानी एलडीएफ सबसे बड़ा दल बनकर उभरा था, जिसके पास आठ सदस्य थे। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट यानी यूडीएफ के पास सात सदस्य थे। दो सदस्य ट्वेंटी20 पार्टी के थे। इन्हीं दो सदस्यों के समर्थन से यूडीएफ ने पंचायत में सत्ता हासिल की थी। अब ट्वेंटी20 के एनडीए में जाने से कांग्रेस की स्थिति कमजोर होती नजर आ रही है।
ट्वेंटी20 की एंट्री से बदला सत्ता संतुलन
ट्वेंटी20 को काइटेक्स ग्रुप समर्थित राजनीतिक दल माना जाता है। भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल होने के बाद कांग्रेस विरोधाभास में फंस गई है। एक तरफ यूडीएफ सत्ता में है, तो दूसरी तरफ उसका अप्रत्यक्ष समर्थन अब एनडीए से जुड़ी पार्टी के जरिए मिल रहा है। इसे लेकर माकपा यानी सीपीआई(एम) ने कांग्रेस पर हमला बोला है और पंचायत की सत्ता छोड़ने की मांग की है।
वह देश की जानी-मानी रेडीमेड गारमेंट कंपनी काइटेक्स गारमेंट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं।
काइटेक्स गारमेंट्स बच्चों के कपड़ों के निर्यात के लिए खास तौर पर पहचानी जाती है।
ट्वेंटी20 पार्टी का मुख्य आधार केरल के एर्नाकुलम जिले का किझक्कमबलम इलाका है।
पार्टी वर्ष 2015 से स्थानीय निकाय चुनावों में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
वर्तमान में ट्वेंटी20 की मौजूदगी चार पंचायतों में है।
पार्टी का दावा है कि इन पंचायतों में उसने विकास और कल्याण आधारित मॉडल लागू किया है।
ट्वेंटी20 खुद को पारंपरिक राजनीति से अलग, स्थानीय विकास पर केंद्रित पार्टी बताती है।
पंचायत अध्यक्ष की सफाई
पंचायत अध्यक्ष रेजी थॉमस ने विवाद को ज्यादा तवज्जो नहीं दी है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने सभी सदस्यों से समर्थन मांगा था और ट्वेंटी20 के सदस्यों ने उन्हें समर्थन दिया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के दिशा-निर्देशों के अनुसार भाजपा, माकपा और एसडीपीआई के समर्थन से सत्ता में आना मना है, जबकि सीपीआई का समर्थन मान्य है। ट्वेंटी20 के अब एनडीए में शामिल होने के सवाल को उन्होंने यह कहकर टाल दिया कि हर गठबंधन में कई दल होते हैं।
कांग्रेस ने यथास्थिति बनाए रखने के संकेत दिए
एर्नाकुलम जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद शियास ने कहा कि पंचायत में किसी तरह के बदलाव की जरूरत नहीं है। उनका दावा है कि वडवुकोड-पुथेनक्रुज ही नहीं, बल्कि अन्य पंचायतों में भी ट्वेंटी20 के सदस्य कांग्रेस के साथ खड़े रहेंगे। जब उनसे भविष्य में अविश्वास प्रस्ताव या दलबदल कानून की संभावना पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने इस पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। साफ है कि ट्वेंटी20 की एनडीए में एंट्री ने कांग्रेस के लिए नई राजनीतिक चुनौती खड़ी कर दी है।