लगभग एक सप्ताह की अमेरिका यात्रा के दौरान पीएम मोदी संयुक्त राष्ट्र महासभा के 74वें सत्र को भी संबोधित करेंगे। पीएम मोदी संयुक्त राष्ट्र महासभा में जलवायु परिवर्तन और आतंकवाद के खिलाफ भी एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसके अलावा महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर पीएम मोदी एक कार्यक्रम की मेजबानी भी करेंगे।
पीएम मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान दोनों देश व्यापार से संबंधित मुद्दों पर भी बात करेंगे। अमेरिका अपनी जीएसपी सूची से भारत को निकाल चुका है। इसे लेकर भी दोनों नेताओं के बीच में वार्ता हो सकती है। वहीं कई अमेरिकी सांसदों ने राष्ट्रपति ट्रंप को चिट्ठी लिखकर भारत को फिर से जीएसपी सूची में शामिल करने का आग्रह किया है।
इस बार 22 सितंबर को ह्यूस्टन के NRG स्टेडियम में वह संबोधन करेंगे। इसे लेकर अमेरिका में पीएम मोदी के लिए हाउडी मोदी (Howdy Modi) का इस्तेमाल किया जा रहा है। दरअसल हाउडी शब्द शॉर्ट फॉर्म के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। इसका पूरा मतलब होता है - हाउ डू यू डू (How do you do), यानी आप कैसे हैं? दक्षिण-पश्चिम अमेरिका में अभिवादन के लिए इस शब्द का प्रयोग किया जाता है। इसी कारण नरेंद्र मोदी के अभिवादन के लिए यहां हाउडी मोदी (Howdy Modi) का प्रयोग हो रहा है। यानी हाउ डू यू डू मोदी?
यह कार्यक्रम क्यों खास
इस कार्यक्रम के जरिए भारत और अमेरिका के संबंध और मजबूत होने की बात कही जा रही है। यहां दोनों देशों के संबंधों, संस्कृति और व्यापार पर बात होगी। आयोजकों ने कहा कि यह एक परिवार के जश्न की तरह होगा। हम यह कहना चाहते हैं कि यहां हमारे समुदाय को देखो। हम सफल हैं। हम मजबूत हैं। हमने ह्यूस्टन के लिए अच्छा काम किया है।
अमेरिका में पीएम मोदी को मिलेगा सम्मान
24 सितंबर को पीएम मोदी की तरफ से महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के लिए बड़ा कार्यक्रम आयोजित होगा। इसी दिन अमेरिका में बिल एंड मेलिंडा गेस्ट फाउंडेशन की ओर से पीएम मोदी को ग्लोबल पीसमेकर (Global Peacemaker) सम्मान से भी नवाजा जाएगा। अमेरिका में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ग्लोबल पीसमेकर का सम्मान स्वच्छता के क्षेत्र में उनके द्वारा उठाए गए कदमों के लिए दिया जा रहा है।
अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक उम्मीदवार बनने के दावेदारों में शामिल तुलसी गैबार्ड ने ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम की तारीफ की है। गैबार्ड ने कहा कि ‘हाउडी मोदी’ यहां भारतीय-अमेरिकी और हिंदू-अमेरिकी लोगों को साथ लाने का काम करेगा।
गैबार्ड अमेरिकी कांग्रेस (संसद) में पहली हिंदू महिला हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं बहुत खुश हूं कि ‘हाउडी मोदी’ अमेरिकी कांग्रेस में मेरे कई सहकर्मियों समेत पूरे देश में भारतीय-अमेरिकी और हिंदू अमेरिकी लोगों को साथ ला रहा है।
भारत दुनिया का सबसे प्राचीन और विशाल लोकतंत्र वाला देश है और अमेरिका के मुख्य सहयोगियों में से एक है।’ गैबार्ड ने कहा कि यदि भारत और अमेरिका जलवायु परिवर्तन, परमाणु युद्ध और परमाणु प्रसार को रोकने और हमारे लोगों को आर्थिक स्तर पर और मजबूत करने जैसे दुनिया को प्रभावित करने वाले मामलों से निपटना चाहता है, तो दोनों देशों को मिलकर काम करना होगा।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ह्यूस्टन में 22 सिंतबर को एनआरजी स्टेडियम में ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम में 50 हजार से ज्यादा लोगों को संबोधित करेंगे। इस दौरान उनके साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी मौजूद होंगे। ट्रंप के अलावा कार्यक्रम में अमेरिका सरकार के कई शीर्ष अधिकारी, कांग्रेस सदस्य और मेयर शामिल होंगे।