जम्मू कश्मीर की पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा ने शुक्रवार को कहा कि हर कश्मीरी पत्थरबाज या आतंकी नहीं है। इल्तिजा ने मां महबूबा और अन्य नेताओं को नजरबंद करने पर मोदी सरकार पर भी निशाना साधा।
इल्तिजा ने कहा कि हर कश्मीरी को आतंकी समझना गलत है। उन्होंने इस दावे को भी चुनौती दी कि राजनीतिक परिवारों ने वर्षों तक कश्मीर को बर्बाद किया। इल्तिजा ने कहा कि सरकार कुछ परिवारों की कहानी बार-बार सुनाती है क्योंकि इन कहानियों से उसका कथानक बनता है।
नेताओं को सुरक्षा का हवाल देकर नजरबंद किये जाने पर निशाना साधते हुए इल्तिजा ने कहा, हम मॉब लिंचिंग की इतनी घटनाओं के बारे में सुनते हैं, लेकिन क्या किसी को इस सिलसिले में नजरबंद किया गया।
हरियाणा को दुष्कर्म का गढ़ कहा जाता है तो क्या हरियाणा के हर पुरुष को सरकार दुष्कर्मी करार देगी। जम्मू कश्मीर में 5 अगस्त को विशेष दर्जा खत्म करने के बाद से तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों समेत कई नेताओं को नजरबंद रखा गया है।