तीन साल बाद नेपाल के पीएम का भारत दौरा
देउबा तीन साल में भारत की यात्रा करने वाले पहले नेपाली प्रधानमंत्री हैं। उनसे पहले मई 2019 में उस समय के नेपाली प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली नरेंद्र मोदी के दूसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते समय भारत आए थे। उससे कुछ महीने पहले पीएम मोदी बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने काठमांडु गए थे।
नड्डा से अहम मुलाकात
दिल्ली पहुंचने के बाद देउबा ने भाजपा मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। इस दौरान नड्डा ने उन्हें पार्टी के कार्यक्रमों की जानकारी दी। वार्ता में दोनों दलों के युवाओं के बीच संवाद बढ़ाने पर सहमति बनी।
भारत के दोस्त माने जाते हैं देउबा
देउबा को भारत का दोस्त माना जाता है। ओली के हटने और देउबा के नेपाली संसद में विश्वासमत हासिल करने के तत्काल बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी थी। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच 19 जुलाई, 2019 को फोन पर बात भी हुई थी। नवंबर 2021 में ग्लासगो में कॉप 26 बैठक से इतर दोनों नेताओं की मुलाकात हुई थी। देउबा नेपाल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता है और इस पार्टी का भारत के साथ हमेशा अच्छा संबंध रहा है।