रूस-ऑस्ट्रिया में क्या होगा पीएम मोदी का कार्यक्रम
- फोटो : ANI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी विदेश दौरे को लेकर विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी है। विनय क्वात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री आठ और नौ जुलाई को 22वें वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए रूस के राष्ट्रपति के निमंत्रण पर मॉस्को का आधिकारिक दौरा करेंगे। अभी तक, प्रधानमंत्री का आठ जुलाई की दोपहर को मॉस्को पहुंचने का कार्यक्रम है।
पीएम मोदी के लिए डिनर का आयोजन करेंगे पुतिन
प्रधानमंत्री जिस दिन मॉस्को पहुंचेंगे उस दिन राष्ट्रपति पुतिन प्रधानमंत्री के लिए एक निजी रात्रिभोज का आयोजन करेंगे। अगले दिन, प्रधानमंत्री की रूस में मौजूद भारतीय समुदाय के लोगों से साथ बातचीत भी करेंगे। अपनने कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री क्रेमलिन में सैनिक की समाधि पर पुष्पांजलि भी अर्पित करेंगे और उसके बाद प्रधानमंत्री मॉस्को में प्रदर्शनी स्थल का दौरा करेंगे। इन मुलाकातों के बाद दोनों नेताओं के बीच एक सीमित स्तर की बातचीत होगी, जिसके बाद प्रधानमंत्री और रूसी राष्ट्रपति के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी।
दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दे पर करेंगे चर्चा
वहीं मॉस्को में प्रधानमंत्री मोदी-रूसी राष्ट्रपति की बैठक के दौरान यूक्रेन, चीन पर चर्चा होगी या नहीं, इस पर विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने कहा, दोनों देशों के लिए क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों को दोनों नेताओं की तरफ से हमेशा उठाया जाता है। सभी जानते हैं कि प्रधानमंत्री ने उस समय रूसी राष्ट्रपति के साथ यूक्रेन में चल रहे संघर्ष का जिक्र करते हुए क्या कहा था। उन्होंने आगे कहा कि मुझे लगता है कि चर्चा में शामिल होने वाले मुद्दों के पूरे स्पेक्ट्रम का पहले से अनुमान लगाना मेरे लिए सही नहीं होगा। क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दे दोनों के बीच होने वाली बातचीत का एक महत्वपूर्ण तत्व होंगे।
रूस के बाद ऑस्ट्रिया जाएंगे पीएम मोदी
विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगे जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर के निमंत्रण पर नौ और 10 जुलाई को ऑस्ट्रिया का दौरा करेंगे। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली ऑस्ट्रिया यात्रा होगी। भारत के किसी प्रधानमंत्री की ऑस्ट्रिया यात्रा 40 साल से भी पहले हुई थी। अपने ऑस्ट्रिया कार्यक्रम की कड़ी में, प्रधानमंत्री, अपने औपचारिक स्वागत के अलावा, ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वान डेर बेलन से भी मुलाकात करेंगे और ऑस्ट्रिया में सीमित प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के साथ-साथ उच्च-स्तरीय व्यापारिक भागीदारी भी करेंगे।
हाथरस हादसे पर पुतिन ने जताया था दुख
हाल ही में उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए हादसे पर रूस के राष्ट्रपति ने शोक जताया था और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शोक संदेश भेजा था। वहीं प्रधानमंत्री मोदी की रूस यात्रा का विशेष महत्व है क्योंकि तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद उनकी ये पहली रूस यात्रा होगी।