भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और मुख्यमंत्री विजय रूपानी की तमाम तैयारियों के बावजूद पीएम मोदी गुजरात विधानसभा चुनाव के मोर्चे पर खुद मैदान संभालेंगे। इस प्रयास में मोदी ने चुनाव से पहले प्रदेश के सभी 33 जिलों का दौरा करने का निर्णय लिया है।
ताकि वर्ष के अंत में होने वाले गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक जीत मिले। सूत्र बताते हैं पीएमओ और भाजपा के संयुक्त प्रयास के जरिए विभिन्न योजनाओं के उदघाटन को लेकर पीएम मोदी के गुजरात के कार्यक्रम इस कदर बनाए जा रहे हैं कि चुनाव से पहले मोदी हर जिले तक पहुंच सकें।
बताया जा रहा है कि राज्य की जनता के बीच जाने का प्रस्ताव खुद पीएम की ओर से आया है। पार्टी के एक वरिष्ठ महामंत्री का कहना है कि तमाम उंचाईयों पर पहुंचने के बावजूद मोदी का लगाव प्रदेश की जनता से कम नहीं हुआ है। उनमें पार्टी कार्यकर्ता का भाव अभी भी व्याप्त है।
यही वजह है कि वे चुनाव में जमीन पर उतरने से खुद को रोक नहीं पाते हैं। यूपी विधानसभा चुनाव में भी यह नजारा देखने को मिला था। जब पीएम ने खुद मोर्चा संभालते हुए अपने संसदीय क्षेत्र में लगातार तीन दिन रोडशो किया था। ऐसा ही नजारा गुजरात में भी नजर आएगा।
नर्मदा को लेकर पीएम का गुजरात में है अगला कार्यक्रम
प्रदेश सरकार की ओर से नर्मदा से जुडे कार्यक्रम के लिए पीएम को आमंत्रित किया गया है। बरसात के तुंरत बाद मोदी इस कार्यक्रम में शिरकत कर सकते हैं। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलों में मोदी के जरिए उदाघटन किए जाने वाले कार्यक्रमों की सूची बनाकर पीएमओ को भेजी गई है।
जून के अंतिम सप्ताह में 29 से 30 तक गुजरात दौरे पर रहे मोदी ने महात्मा गांधी के आश्रम जाने के अलावा राजकोट और अमरेली जिले का दौर किया था। आजी डैम का निरिक्षण करने के साथ—साथ मोदी ने राजकोट में रोडशो किया था।