प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
- फोटो : Twitter
अपने एक दिन के गुजरात दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सिख समुदाय के किसानों से बात की। सिख समुदाय के लोगों से मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री ने ना केवल केंद्र की योजनाओं का जिक्र किया, बल्कि किसान आंदोलन से जुड़े कई सवालों के जवाब भी दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसानों का कल्याण उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रहा है।
सरकार ने जारी की 'अन्नदाता के हितों को समर्पित मोदी सरकार' बुकलेट
कृषि कानूनों के बारे में किसानों को सरलता से समझाने के लिए मोदी सरकार ने शनिवार को एक बुकलेट तैयार की है। इसे देशभर के किसानों में बांटा जाएगा। बुकलेट में किसानों को अन्नदाता बताया गया है। बुकलेट का नाम है- 'अन्नदाता के हितों को समर्पित मोदी सरकार'। बुकलेट को हिंदी के अलावा अंग्रेजी में भी छापा गया है। अंग्रेजी में इसका नाम है- 'Putting Farmers First'। लगभग सौ पृष्ठों की इस बुकलेट में विस्तार से बताया गया है कि नए कृषि कानूनों से किसानों को किस तरह का फायदा मिलेगा।
कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने किसानों को लिखा पत्र
कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने गुरुवार को किसान भाइयों और बहनों के नाम एक पत्र लिखा। इसमें उन्होंने किसानों की चिंताएं दूर करने के साथ ही विपक्ष का मोहरा न बनने की सलाह भी दी। तोमर ने पत्र में कहा है कि किसान भाइयों को इस कानून को लेकर भ्रम है, जिसे दूर करना मेरा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि किसान भाइयों को गुमराह करने, उनमें भ्रम पैदा करने का काम किया जा रहा है। हमारे किसाना भाइयों और बहनों में कृषि कानून को लेकर जो भ्रम हैं, उन्हें दूर करना हमारा कर्तव्य है।
हम सिर झुकाकर, हाथ जोड़कर हर मुद्दे पर किसानों से बात करने को तैयार: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मध्यप्रदेश के किसानों को संबोधित किया। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो काम 25 साल पहले होने थे, वो आज करने पड़ रहे हैं। किसानों की उन मांगों को पूरा किया गया है, जिन्हें बरसों से रोका गया था। उन्होंने कहा कि आप मुझे क्रेडिट मत दो, मैं केवल किसानों का भला चाहता हूं। किसानों के कंधे पर बंदूक रखकर वार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यदि अब भी किसी को आशंका है, तो हम सिर झुकाकर-हाथ जोड़कर हर मुद्दे पर बात करने के लिए तैयार हैं।