भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) की संदर्भ शर्तें तय कर ली गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की सोमवार शाम हुई मुलाकात के बाद यह घोषणा की गई। मोदी और वेंस ने बीटीए की दिशा में अब तक हुई प्रगति का भी स्वागत किया। दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिकी रणनीतिक साझेदारी को और विस्तार व मजबूती देने पर सहमति जताई। पीएम मोदी ने कहा, भारत-अमेरिका की रणनीतिक साझेदारी 21वीं सदी में हमारे लोगों और दुनिया के बेहतर भविष्य को परिभाषित करेगी।
वेंस-पीएम मोदी की मुलाकात के बाद अमेरिकी उपराष्ट्रपति कार्यालय ने बताया, दोनों नेताओं ने साझा आर्थिक प्राथमिकताओं पर भावी चर्चाओं के लिए रोडमैप तैयार किया। भारत के अमृत काल और अमेरिका के लिए स्वर्ण युग के अपने-अपने दृष्टिकोण से निर्देशित, बीटीए से दोनों देशों में श्रमिकों, किसानों व उद्यमियों के लिए विकास के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
वेंस की यह यात्रा वाशिंगटन में राष्ट्रपति ट्रंप व पीएम मोदी के बीच हुई सकारात्मक और सफल बैठक के बाद हो रही है। वेंस के कार्यालय ने कहा, यह यात्रा द्विपक्षीय संबंधों में हासिल प्रगति की समीक्षा और 13 फरवरी को जारी भारत-अमेरिका साझा वक्तव्य के परिणामों के कार्यान्वयन का अवसर देती है। दोनों पक्षों ने आपसी हित के क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर भी विचार साझा किए। वेंस ने शानदार मेजबानी के लिए पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया।
किन मुद्दों पर हुई चर्चा
दोनों नेताओं ने ऊर्जा, रक्षा, रणनीतिक तकनीक और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के प्रयासों को सराहा। उन्होंने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया और इन मुद्दों के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति पर जोर दिया। उप राष्ट्रपति वेंस के साथ उनकी पत्नी उषा वेंस, उनके बच्चे और अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी भारत यात्रा पर आए हैं।
ये भी पढ़ें: Russia-Ukraine War: ईस्टर युद्धविराम के दौरान रूसी हमलों में मारे गए तीन लोग, खेरसान के गवर्नर का दावा
पीएम मोदी ने वॉशिंगटन दौरे को किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनवरी में वॉशिंगटन डीसी दौरे को याद किया और बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई चर्चा भारत-अमेरिका सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एक रोडमैप बन गई है। इसमें अमेरिका के 'मेक अमेरिका ग्रेट अगेन' (एमएजीए) और भारत की 'विकसित भारत 2047' दृष्टिकोण की ताकत का उपयोग करने की बात की गई। उन्होंने व्यापार समझौते में प्रगति का स्वागत किया। ऊर्जा, रक्षा, और तकनीकी क्षेत्रों में लगातार बढ़ रहे सहयोग की सराहना की। दोनों ने इस बात पर जोर दिया कि संवाद और कूटनीति से ही दुनिया की समस्याएं हल हो सकती हैं।
उप राष्ट्रपति वेंस का भारत दौरा
वेंस का पहला भारत दौरा है, जो चार दिन का है। वह दिल्ली के अलावा जयपुर और आगरा भी जाएंगे। यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब अमेरिका ने कई देशों पर जवाबी टैरिफलगाए हैं, जिनमें भारत भी शामिल है। अमेरिका ने 90 दिनों के लिए 10% की दर से सीमित टैरिफ लगाए हैं, ताकि बातचीत का मौका मिल सके। भारत और अमेरिका के बीच इसी सिलसिले में व्यापार समझौते की वार्ता तेज हो गई है।
ये भी पढ़ें: Israel: 'रणनीतिक मुद्दों पर मिलकर काम करें दोनों देश', इस्राइली राष्ट्रपति ने भारत के नए राजदूत का किया स्वागत
क्वाड सम्मेलन में भारत आएंगे ट्रंप
वेंस से मुलाकात में पीएम मोदी ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को शुभकामनाएं दीं। कहा, वह इस वर्ष के अंत में क्वाड सम्मेलन में उनकी भारत यात्रा की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इससे पहले, पीएम मोदी ने अपने निवास पर उपराष्ट्रपति वेंस, उषा वेंस, तीनों बच्चों ईवान व विवेक और बेटी मीराबेल का स्वागत किया।
वेंस की भारत यात्रा का समय इसलिए बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि पूरी दुनिया अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के जवाबी टैरिफ से हिली हुई है। दुनिया का हर देश इससे बचने के लिए अमेरिका से द्विपक्षीय व्यापार समझौते की होड़ में है। हालांकि, भारत को इसमें बढ़त हासिल है क्योंकि टैरिफ की घोषणा से पहले ही फरवरी में पीएम मोदी की वाशिंगटन में ट्रंप से भेंट के दौरान द्विपक्षीय समझौते पर आगे बढ़ने को लेकर सहमति बन गई थी। माना जा रहा है, सोमवार को मोदी-वेंस की भेंट में भी यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया है।
संबंधित वीडियो-