भाजपा सांसदों को सोशल मीडिया से जुड़ाव बढ़ाने की नसीहत देते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में मोबाइल और डिजिटल मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। अपने आवास पर पार्टी सांसदों के एक समूह से चर्चा करते हुए मोदी ने कहा कि वर्ष 2019 के चुनाव में डिजिटल मीडिया की अहम भूमिका रहेगी। जब तक हम सोशल मीडिया से फ्रेंडली नहीं होंगे तब तक अपनी भावना ठीक ढंग से इस पर प्रकट नहीं कर सकते हैं। डिजिटल एक भाषा है तो मोबाइल उसका संदेश वाहक है।
पीएम ने कहा कि जमाना बदल रहा है। आने वाले चुनावों में मतदाताओं तक आसानी से पहुंचने के लिए सोशल मीडिया और मोबाइल फोन ही सबसे कारगर रहेगा। सोशल मीडिया को सस्ता और पारदर्शी बताते हुए पीएम ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में डिजिटल प्लेटफार्म का बड़ा प्रभाव रहेगा। हमें इसके लिए तैयार रहना होगा।