असम में इस साल विधानसभा चुनाव कराए जाने हैं। चुनाव की औपचारिक घोषणा से चंद हफ्ते पहले राज्य को आज विकास परियोजनाओं की सौगात मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम दौरे पर आज राज्यवासियों को संबोधित भी किया। उन्होंने गुवाहाटी में आयोजित जनसभा में जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले का भी जिक्र किया। बढ़ती सियासी सरगर्मियों के बीच चुनावी बिगुल फूंकते हुए पीएम मोदी ने एक तरफ जहां भाजपा के कार्यकाल में हुए फैसलों और विकास परियोजनाओं का उल्लेख किया तो दूसरी तरफ विपक्षी राजनीतिक पार्टी- कांग्रेस को भी आड़े हाथ लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में और किन बातों को रेखांतिक किया, जानिए इस खबर में
असम के बूथ लेवल कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार
पीएम मोदी ने कहा, बड़ी-बड़ी आम सभाएं करने का तो बहुत अवसर मिलता है। जनता जनार्दन के दर्शन करना, उनसे संबोधन करना लगातार चलता रहता है। इन सबके बीच असम के बूथ लेवल के कार्यकर्ताओं के दर्शन करना मेरे लिए बहुत बड़ा सौभाग्य है। आज भाजपा जहां पहुंची है, उसका श्रेय अगर किसी को मिलता है, तो वो सिर्फ और सिर्फ भाजपा के कार्यकर्ताओं को जाता है।
कार्यकर्ताओं के दर्शन करना बहुत बड़ा सौभाग्य
भाजपा की नीति और विचारधारा का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, हमारा विश्वास संगठन में है। हम राष्ट्रजीवन में परिवर्तन का आधार संगठन की शक्ति मानते हैं। इसलिए, इतनी बड़ी तादाद में जमीन की जड़ों से जुड़े हुए कार्यकर्ताओं के दर्शन करना बहुत बड़ा सौभाग्य है। उन्होंने कहा, हम लोग एक ही मंत्र को लेकर जिए हैं, हम लोग एक ही मंत्र को साकार करने के लिए अपने आप को खपा रहे हैं। वो मंत्र है - भारत माता की जय!
असम ने राष्ट्ररक्षा और देश की स्वतंत्रता को समर्पित संतानें दीं
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में असम की धर्म, आस्था और संस्कृति को भी रेखांकित किया। उन्होंने आदिशक्ति भगवती दुर्गा के सिद्ध / शक्तिपीठों में एक- कामाख्या मंदिर का जिक्र करते हुए कहा, मां कामाख्या की असम पर, असमवासियों पर, देश पर और देशवासियों पर बहुत कृपा रही है। उनके आशीर्वाद से असम ने राष्ट्ररक्षा और देश की स्वतंत्रता एवं संस्कृति को आगे बढ़ाने वाली अनेक संताने दी हैं। असम के पद्म सम्मान विजेता का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ऐसी ही एक संतान कबीन्द्र पुरकायस्थ जी को मैं आज प्रणाम करता हूं। उन्होंने अपना पूरा जीवन असम और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया।
असम और नॉर्टईस्ट की धरती का सामर्थ्य
उन्होंने पुरकायस्थ के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा, उनके योगदान को नमन करते हुए भाजपा-NDA सरकार को उन्हें पद्म पुरस्कार से सम्मानित करने का सौभाग्य मिला है। वर्ष 2014 के बाद नार्थईस्ट के 125 से अधिक महान व्यक्तित्वों को पद्म पुरस्कार मिले हैं। ये दिखाता है कि असम और नॉर्टईस्ट की धरती का सामर्थ्य कितना बड़ा है। उन्होंने कहा कि नार्थईस्ट का यही सामर्थ्य अब विकसित भारत का बहुत बड़ा आधार है।
पीएम मोदी के असम दौरे से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें-
बजट में बहुत अधिक जोर नार्थईस्ट को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर है। इस बार असम को टैक्स की हिस्सेदारी के रूप में लगभग 50 हजार करोड़ रुपये मिलने वाले हैं। कांग्रेस के समय असम को कैसे पाई-पाई के लिए तरसा कर रखा जाता था। वो आपको भलीभांति याद होगा। कांग्रेस के समय असम को टैक्स के हिस्से के रूप में सिर्फ 10 हजार करोड़ रुपये मिलते थे।
भाजपा-NDA की सरकार में कांग्रेस के मुकाबले 5 गुना ज्यादा राशि
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब भाजपा सरकार में असम को कांग्रेस सरकार के मुकाबले 5 गुना ज्यादा रुपये मिल रहे हैं। अगर पिछले 11 वर्ष की बात करें तो असम को तमाम विकास परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से 5.50 लाख करोड़ रुपये से अधिक मिले हैं। पीएम मोदी ने कहा, इस साल के बजट में नार्थईस्ट की कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूती देने का काम किया गया है। कनेक्टिविटी बढ़ती है, तो रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं। इसलिए असम हाइवे और अन्य रोड प्रोजेक्ट्स के लिए करीब हजारों करोड़ रुपये देना तय हुआ है।
ब्रह्मपुत्र से जुड़ी संभावनाएं, रिवर टूरिज्म को बढ़ावा दे रही सरकार