गुजरात में पहले चरण के मतदान में महज दो दिन बाकी हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को एक बार फिर ताबड़तोड़ रैलियां कीं। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और उस पर वोट बैंक की राजनीति के कारण सत्ता में रहने के दौरान सशस्त्र बलों को आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करने से रोकने का आरोप लगाया। पीएम मोदी ने यूपीए शासन के 10 वर्षों में अर्थव्यवस्था की धीमी गति को लेकर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह पर भी निशाना साधा।
प्रधानमंत्री भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में भावनगर जिले के पलिताना शहर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि गुजरात के लोगों ने कांग्रेस को खारिज कर दिया है क्योंकि उसकी एक क्षेत्र या समुदाय के लोगों को दूसरे के खिलाफ भड़काने की नीति के कारण राज्य को बहुत नुकसान उठाना पड़ा था। उन्होंने कहा कि गुजरात के लोग उन लोगों की मदद करने के लिए तैयार नहीं हैं जो भारत को तोड़ने की इच्छा रखने वाले तत्वों का समर्थन करते हैं। पीएम मोदी ने गुजरात में अपनी पिछली प्रचार रैलियों के दौरान भी भारत जोड़ो यात्रा में मेधा पाटकर के साथ चलने के लिए राहुल गांधी पर निशाना साधा था।
पीएम मोदी ने सोमवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस सौराष्ट्र के सूखे क्षेत्र में नर्मदा का पानी पहुंचने में बाधा डालने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि गुजरात की जनता उन लोगों को कभी माफ नहीं करेगी जो 40 साल से सरदार सरोवर बांध परियोजना को ठप रखने के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के साथ चल रहे थे। गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में मतदान होना है। पहले चरण का मतदान एक दिसंबर को होगा। दूसरे चरण का मतदान पांच दिसंबर को होगा। मतगणना आठ दिसंबर को होगी।