प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मानना है कि पिछड़े क्षेत्रों में जवान IAS अधिकारियों की तैनाती की जानी चाहिए। यह तैनाती 115 ऐसे जिलों में होनी चाहिए जो विकास के नजरिये से बहुत पिछड़े हैं। इन 115 जिलों को 48 मापदंडों के आधार पर चुना गया है। पीएम मोदी के मुताबिक अधिकारियों को 5 साल के लिए इन इलाकों में तैनात किया जाना चाहिए जिससे बेहतर रिजल्टस मिल सकें।
राष्ट्रीय विधानसभा सम्मेलन में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 115 जिलों के बारे में जानने से उन्हें यह जानकारी मिली कि इन क्षेत्रों में जिन डिस्ट्रिक मजिस्ट्रेट्स की नियुक्ति की गई है, उनकी उम्र 40 से 45 साल के बीच में है। आमतौर पर डीएम की औसत उम्र 27 से 30 साल के बीच में होती है, लेकिन इन 115 जिलों में काम कर रहे डिस्ट्रिक मजिस्ट्रेट्स की उम्र 40 साल से ज्यादा है।
पीएम मोदी ने कहा कि इस उम्र में अधिकारियों को अपने बच्चों की शिक्षा की चिंता होती है, इसलिए वह बड़े शहरों में रहना चाहते हैं। पीएम ने कहा कि अधिकांश अधिकारी प्रमोट होकर आए हैं। पीएम ने यह भी कहा कि कुछ जिलों ने खूब तरक्की की है, लेकिन बाकी जिलों का हाल बहुत बेहतर नहीं है, जिसकी वजह बेहतर नेतृत्व का न होना है।