प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक फरवरी को पेश होने वाले अपनी सरकार के आखिरी
पूर्ण बजट में लोगों को राहत देने के संकेत दिए। उन्होंने सोमवार को कहा कि इस बार का बजट आम लोगों की आशाओं को पूरा करने वाला होगा। बजट सत्र की शुरुआत से पहले संसद परिसर में पत्रकारों से पीएम ने कहा कि किसानों, मजदूरों, वंचितों की उम्मीदों-अपेक्षाओं को कैसे पूरा किया जाए, इस पर चिंतन होना चाहिए।
सरकार इसको ध्यान में रखते हुए इस बार का बजट लाने वाली है। बजट अर्थव्यवस्था को मजबूती और नई ऊर्जा देने वाला भी होगा। दुनिया भर की क्रेडिट रेटिंग एजेंसियां, वर्ल्ड बैंक और आईएमएफ भारत की अर्थव्यवस्था को सकारात्मक नजरिए से देख रहे हैं। इससे सरकार को कुछ अहम फैसले लेने में मदद मिल रही है।
तीन तलाक बिल पास कराने में मदद करे विपक्ष
मोदी ने एक साथ तीन तलाक देने से रोकने संबंधी बिल को पास कराने की विपक्ष से विनम्र अपील की। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति न की जाए क्योंकि यह मुस्लिम महिलाओं के सम्मान से जुड़ा मामला है।