गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार मंगलवार शाम खत्म हो गया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक के बाद एक कई ट्वीट कर गुजरात की जनता से भावुक अपील की। मोदी ने ट्वीट किया 'भाईयों-बहनों 14 नवंबर के दिन भाजपा के लिए रिकॉर्ड वोटिंग कर बहुमत देकर हर बूथ पर जीत सुनिश्चित करें।'
विपक्ष पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए पीएम ने कहा 'विपक्ष ने गुजरात और मुझ पर कई तरह के आरोप लगाए जिसकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। इससे गुजराती भी आहत हुए हैं। इन झूठ और नकारात्मक्ता का गुजरातवासी जवाब दें।'
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा 'केंद्र सरकार और गुजरात सरकार मिलकर काम करेंगे। हमारा जोड़ एक और एक 2 का नहीं बल्कि 11 का होगा।' चुनाव प्रचार के दौरान गुजरातवासियों ने मुझे बेहद प्यार दिया। इस प्यार ने मुझे ताकत और साहस दिया।'
With the Government of India and Government of Gujarat working together, the strength rises manifold. This 1+ 1 is not 2 but 11 and together we will take Gujarat to new heights.
— Narendra Modi (@narendramodi) December 12, 2017
इससे पहले प्रधानमंत्री गुजरात विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मंगलवार की सुबह यहां साबरमती नदी से सी-प्लेन में सवार होकर मेहसाणा जिले में स्थित धरोई डैम पहुंचे और वहां से सड़क के जरिए बनासकांठा जिले से होते हुए अंबाजी मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की।
मोदी ने अहमदाबाद पश्चिम से पुराने शहर को जोड़ने वाले सरदार पुल के निकट से एकल इंजिन सी-प्लेन से उड़ान भरी। देश में इस तरह के विमान की यह पहली उड़ान थी। अपनी तरह के इस पहले आयोजन को देखने के लिए साबरमती के किनारे भारी भीड़ उमड़ी। सी-प्लेन के उड़ान भरने के दौरान भाजपा कार्यकर्ता और अन्य लोग ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगा रहे थे। प्रधानमंत्री के विमान में सवार होने के लिए विशेष जेटी बनाई गई थी। विमान मेहसाना में धरोई बांध के जलाशय में उतरा।
इसके बाद प्रधानमंत्री धरोई डैम से सड़क के जरिए करीब 50 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए अंबाजी मंदिर कस्बा पहुंचे। मोदी यहां अपने वाहन से खड़े होकर लोगों का अभिवादन भी कर रहे थे। इस दौरान लोग सड़क के किनारे खड़े होकर प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए आतुर नजर आए। यह पूरा नजारा किसी रोड-शो के जैसा था। मंदिर में प्रधानमंत्री ने करीब 15 मिनट तक अंबा माता की पूजा-अर्चना की और पुजारियों से आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह धरोई डैम लौटे जहां से सी-प्लेन में सवार होकर अहमदाबाद के लिए रवाना हुए।
सोमवार को रैली में इस कार्यक्रम का किया था एलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को एक चुनावी रैली में कहा था कि देश के इतिहास में पहली बार एक सी-प्लेन मंगलवार को साबरमती नदी में उतरेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अहमदाबाद में रोड शो की योजना बनाई थी लेकिन इसकी इजाजत नहीं मिली। मेरे पास समय था इसलिए मैंने सी-प्लेन के जरिए अंबाजी जाने का फैसला लिया है।