ब्रिक्स में ग्रुप फोटो के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जमीन पर भारतीय तिरंगे को देखा। उन्होंने तत्काल यह सुनिश्चित किया कि उस पर किसी के पैर न पड़ें। उन्होंने तुरंत ही उसे उठाया और अपने पास रखा। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा भी इसी राह पर चले।
क्या है मामला?
प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिक्स में ग्रुप फोटो के दौरान मंच पर भारतीय तिरंगे को देखा। उन्होंने उसे उठाकर अपने पास रख लिया, ताकि इस पर किसी का पैर न पड़े। दरअसल, हर नेता के स्थान को चिन्हित करने और उनके खड़े होने की स्थिति को दर्शाने के लिए देश के झंडे को मार्क किया जाता है। पीएम मोदी ने जब तिरंगे को उठाकर अपने पास रखा, तो लोगों ने जमकर तालियां बजाईं। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा पहले ही अपने झंडे पर पैर रख चुके थे, लेकिन पीएम मोदी को देखकर वह भी उनके पीछे हो लिए।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित ब्रिक्स नेता पूर्ण सत्र में भाग लेने के लिए सैंडटन कन्वेंशन सेंटर पहुंचे। सत्र में भाग लेने से पहले नेताओं ने तस्वीर खिंचवाई। गौरतलब है कि पीएम मोदी और चीनी प्रधानमंत्री शी जिनपिंग को एक-दूसरे से अलग खड़े देखा गया और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने एक-दूसरे का हाथ पकड़ रखा था। ब्रिक्स ग्रुप फोटो में रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा भी थे।