6G पर भी तेजी से काम कर रहे- पीएम
वहीं इंडिया मोबाइल कांग्रेस में बोलते हुए पीएम ने कहा कि भारत ने डिजिटल कनेक्टिविटी को अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए प्रभावी साधन बनाया है। उन्होंने कहा कि भारत का डिजिटल विजन चार स्तंभों पर काम करता है - सस्ते उपकरण, सभी कोनों तक कनेक्टिविटी, किफायती डेटा और डिजिटल-फर्स्ट। भारत ने पृथ्वी और चंद्रमा के बीच की दूरी से 8 गुना अधिक ऑप्टिक फाइबर बिछाया है। पीएम मोदी ने कहा, तेजी से रोलआउट के बाद, भारत 6जी पर काम करते हुए दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा 5जी टेलीकॉम बाजार बन गया है। भारत डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे के सफल निर्माण में अपने अनुभव को बाकी दुनिया के साथ साझा करेगा।
'वैश्विक मानकों और गुणवत्ता सेवा पर ध्यान केंद्रित'
पीएम मोदी ने कहा विश्व दूरसंचार मानकीकरण सभा और इंडिया मोबाइल कांग्रेस का एक साथ होना महत्वपूर्ण है, क्योंकि हम वैश्विक मानकों और गुणवत्ता सेवा पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। पीएम मोदी ने आगे कहा कि 21वीं सदी में भारत की मोबाइल और टेलीकॉम यात्रा पूरे विश्व के लिए अध्यन का विषय है। दुनिया में मोबाइल और टेलीकॉम को एक सुविधा के रूप में देखा गया, लेकिन भारत का मॉडल कुछ अलग रहा है। भारत में हमने टेलीकॉम को सिर्फ कनेक्टिविटी का नहीं, बल्कि इक्विटी और अवसर का माध्यम बनाया। ये माध्यम आज गांव और शहर, अमीर और गरीब के बीच की दूरी को मिटाने में मदद कर रहा है।