बच्चों संग मस्ती करते पीएम मोदी।
- फोटो : ANI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों कर्नाटक में चुनाव प्रचार में जोर-शोर से लगे हैं। आज उन्होंने कई जगहों पर जनसभाएं की। इस दौरान उन्होंने मंच से अपने विरोधियों के खिलाफ जमकर निशाना साधा। इसके बाद जब वे कलबुर्गी पहुंचे तो यहां उनका एक जुदा अंदाज देखने को मिला। यहां रोड शो से पहले प्रधानमंत्री ने कुछ स्थानीय बच्चों से मस्ती भी की। इस दौरान पीएम मोदी ने बच्चों से यह भी पूछा कि किसी का पीएम बनने का मन करता है? इस पर बच्चों ने दिलचस्प जवाब दिया। पीएम मोदी और बच्चों की इस बातचीत का वीडियो भी सामने आया है।
वीडियो में बच्चों संग मजाकिया मूड में दिखे पीएम मोदी
कलबुर्गी में रोड शो से पहले पीएम मोदी बच्चों संग मस्ती और मजाकिया मूड में दिखाई दिए। इसका वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में वे बच्चों से उंगलियों से अलग-अलग तरह की आकृतियां बनाने के लिए कह रहे हैं। इतना ही नहीं वे खुद भी ऐसा करके उन्हें दिखा रहे है।
'पीएम बनने का मन नहीं करता?'
इसके बाद पीएम ने बच्चों से यह भी पूछा कि वे बड़े होकर क्या बनना चाहते हैं? इस पर बच्चों में से एक ने पुलिस तो दूसरे ने डॉक्टर और एक ने आईएएस बनने की बात कही। इस पर पीएम मोदी ने बच्चों से पूछा कि क्या आपका प्रधानमंत्री बनने का मन नहीं करता तो एक लड़के ने कहा कि आपके जैसा बनने का मन करता है। बता दें कि कर्नाटक में 10 मई को मतदान होना है, जिसके लिए प्रधानमंत्री कर्नाटक के अलग-अलग इलाकों में पार्टी का प्रचार कर रहे हैं। इस दौरान वे अपने विरोधियों पर करारे वार भी कर रहे हैं।
कांग्रेस पर साधा निशाना
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के ही विजयनगर में कांग्रेस के घोषणापत्र को लेकर तीखा कटाक्ष किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कांग्रेस पर अपने चुनावी घोषणा पत्र में बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने का वादा करने का आरोप लगाया। उन्होंने इसे हनुमान की पूजा करने वालों को बंद करने की पार्टी की कोशिश करार दिया। पीएम ने कहा, 'मैं हनुमान की भूमि पर आया हूं। मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे हनुमान की भूमि पर मत्था टेकने का अवसर मिला, लेकिन दुर्भाग्य देखिए कि जब मैं यहां अपनी श्रद्धा प्रकट कर रहा हूं तभी कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में भगवान हनुमान को बंद करने का फैसला किया है।
कीचड़ में फंसा पीएम के साथ चल रहा सेना का हेलीकॉप्टर
इस दौरान, सिंधनूर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हेलीकॉप्टर के साथ जा रहा सेना का एक हेलीकॉप्टर मंगलवार को भारी बारिश के कारण कुछ देर के लिए कीचड़ में फंस गया। दरअसल, सिंधनूर में एक जनसभा को संबोधित करने के बाद जब प्रधानमंत्री अपने हेलीकॉप्टर से वहां से निकले तो उनके साथ चल रहा एक हेलीकॉप्टर उड़ान भरने से पहले कीचड़ में फंस गया।