प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 3 देशों की यात्रा में पहले दिन स्वीडन पहुंचे। यहां पहुंचने पर
स्वीडिश प्रधानमंत्री स्टेफान लोफवेन
ने उनका जोरदार स्वागत किया। पीएम मोदी स्वीडन पहुंचने के बाद स्टॉकहोम में भारतीय समुदाय के लोगों से मिले। बता दें कि पीएम मोदी पहली बार स्वीडन के दौरे पर गए हैं। मंगलवार को स्टॉकहोम में दोनों पीएम कई मुद्दों पर बात करेंगे।
इसके बाद वह लंदन के लिए रवाना होंगे। वहां वह कॉमनवेल्थ हेड्स ऑफ गवर्नमेंट मीटिंग (सीएचओजीएम) में हिस्सा लेंगे। बता दें कि 52 देशों के प्रतिनिधियों में से वह एकमात्र राष्ट्र प्रमुख हैं, जिन्हें द्विपक्षीय बातचीत का न्यौता दिया गया है।
ब्रिटेन के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक मोदी का ब्रिटेन में अभूतपूर्व स्वागत होगा। वह बुधवार को ब्रिटिश पीएम टेरिजा मे संग एक नहीं दो बैठक करेंगे। इसके बाद गुरुवार से शुरू हो रहे कॉमनवेल्थ सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। अधिकारियों के मुताबिक 10 डाउनिंग स्ट्रीट में मोदी और टेरिजा मे परस्पर हित, सीमा पार आतंकवाद, वीजा और प्रवासियों के मुद्दे पर चर्चा करेंगे। इसके बाद दोनों नेता लंदन के साइंस म्यूजियम जाएंगे।
जहां विज्ञान और नवाचार के पांच हजार साल नामक प्रदर्शनी देखेंगे और भारतीय मूल के व अन्य वैज्ञानिकों से रूबरू होंगे। इसके बाद दोनों देशों के बीच हुए समझौते के तहत बने नए आयुर्वेदिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को लांच करेंगे। मोदी सम्मेलन में भाग लेने वाले एक मात्र नेता हैं, जिन्हें लिमोजिन से सफर की इजाजत है। बाकी नेता बस से यात्रा करेंगे।