मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक में कहा कि प्रदेश में उद्यमियों की समस्याएं दूर करने के लिए अलग नीति बन रही हैं। इसके लिए सिंगल विंडों की व्यवस्था होगी। निवेशकों को कोई समस्या नहीं आने दी जाएंगी। झांसी में डिफेंस कॉरिडोर बनने के बाद बुंदेलखंड का पिछड़ापन और आर्थिक गरीबी दूर होंगी। क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और पलायन रुकेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हार्डवेयर, लेटर, मेटल का काम बहुत होता है। यहां मार्केटिंग और ब्राडिंग हो जाए तो इस उद्योग को और गति मिल जाएगी।
सकारात्मक माहौल बनाना होगा : उमा भारती
बैठक में मौजूद केंद्रीय पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री उमा भारती ने कहा कि समान परिस्थिति और भौगोलिक स्थिति के कारण बुंदेलखंड का इजराइल की तर्ज पर विकास संभव है। उन्होंने कहा कि यहां के जनप्रतिनिधि लोगों में सकारात्मक माहौल बनाएं, ताकि डिफेंस कॉरिडोर के साथ ही फूड प्रोसेसिंग पार्क और स्किल डेवलपमेंट को जोड़कर क्षेत्र के विकास को गति दी जा सके। बुंदेलखंड के अधिकांश लोग दिल्ली में बुरे हालातों में काम कर रहे हैं। उक्त परियोजनाओं पर समय से काम पूरा हो जाएं तो हर हाथ को काम बुंदेलखंड में मिल जाएगा।
एक महीने में निकलेगी सूचना
अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त डॉ. अनूपचंद्र पांडे ने कहा कि बुंदेलखंड में प्रचुर मात्रा में कच्चा मैटेरियल उपलब्ध है। कॉरिडोर में बुंदेलखंड के सातों जिले हैं। तीन हजार हेक्टेयर से ज्यादा भूमि चिह्नित कर ली गई है। एक महीने में सूचना निकलेगी। 31 जुलाई तक प्रस्तावित परियोजना कर रिपोर्ट तैयार हो जाएगी। 31 अगस्त तक जमीन तय हो जाएगी। आगरा एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के माध्यम से 24 घंटे आयात किया जा सकता है।
क्राफ्ट मेला मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि कॉरिडोर में बनने वाले सेना के उत्पादों को रक्षा मंत्रालय खरीदेगा। इससे बुंदेलखंड के युवाओं को रोजगार मिलेगा। रक्षा मंत्री ने कहा कि फिक्की, एसोचेम, सीआईआई आदि संस्थाओं को बुंदेलखंड लाकर यहां के उद्योगपतियों से बात कराएंगे। कॉरिडोर में काम करने वाली कंपनियों को रक्षा मंत्रालय की तरफ से सेना के सामानों की सूची दी जाएगी।
जो उत्पाद कंपनियां बना सकती हैं, उनका ऑर्डर दिया जाएगा। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे मार्ग पर टेस्टिंग लैब भी बनाई जाएंगी जिसके जरिये भी रोजगार के अवसर खुलेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास, योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि अब बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को अंतिम रूप दिया जा रहा है। युवाओं को रोजगार दिलाने और किसानों की आय दोगुनी करने को लेकर सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में कराए गए विकास भी गिनाए।
क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा कि डिफेंस कॉरिडोर में 20,000 करोड़ का निवेश होगा। साथ ही 50 लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा। इस दौरान 82.05 करोड़ की 33 परियोजनाओं का शिलान्यास और 34.21 करोड़ की चार परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया।