भाजपा संसदीय दल की बैठक में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति चुनाव में सांसदों-विधायकों के वोट निरस्त होने पर गहरी नाराजगी जताई। पीएम ने कहा कि प्रस्तुति के जरिए विस्तार से वोट करने केतरीके बताने केबाद भी हुई चूक सही नहीं है। गौरतलब है कि इस चुनाव में 21 सांसद और 56 विधायकों के वोट निरस्त हुए थे। पार्टी को लगता है कि इनमें भाजपा के भी सांसद विधायक शामिल हैं।
पार्टी में उपस्थित एक सांसद के मुताबिक पीएम ने राष्ट्रपति चुनाव का जिक्र करते हुए बड़ी संख्या में वोट निरस्त होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पता नहीं ऐसा कैसे हुआ। वह भी तब राजग की बैठक में विस्तृत प्रस्तुति के जरिए वोट डालने का तरीका बताया गया था।
उन्होंने कहा कि ऐसे सांसद अपने मतदाताओं की अपेक्षा पर खरे नहीं उतरे और अपने मतदाताओं का मत प्रदर्शित करने में चूक गए। दरअसल, पार्टी इस चुनाव में बड़ी जीत हासिल करना चाहती थी, जबकि राजग उम्मीदवार को निवर्तमान राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ही नहीं पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल से भी कम वोट हासिल हुए।
फिर तिरंगा यात्रा निकालेगी भाजपा
इस बैठक में बीते साल की तरह इस साल भी तिरंगा यात्रा निकालने का फैसला किया गया। तिरंगा यात्रा 15 अगस्त से 31 अगस्त तक निकालने का निर्देश दिया गया है। पीएम मोदी ने पहले की तरह सांसदों से लोगों के संपर्क में रहने और अगले लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने का निर्देश दिया है।