जदयू सांसद हरिवंश नारायण सिंह एक बार फिर राज्यसभा के उपसभापति चुने गए। इस बात की घोषणा राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरिवंश को जीत की बधाई दी।
सदन की कार्यवाही विषम परिस्थितियों में हो रही
इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सदन की कार्यवाही विषम परिस्थितियों में हो रही है। ऐसे में यह कार्यवाही सही तरीके से चलती रहे, इसके लिए हमें सभापति और उपसभापति का सहयोग करना होगा। उन्होंने कहा कि सदन में प्रोडक्टिविटी के साथ-साथ पॉजिटिविटी भी बढ़ी है।
कोरोना महामारी के बीच हुई संसद के मानसून सत्र की शुरुआत
कोरोना महामारी के बीच सोमवार से संसद के मानसून सत्र की शुरुआत हो गई। पहले सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक लोकसभा की कार्यवाही हुई और अब राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हो गई। राज्यसभा में उपसभापति के पद के लिए चुनाव में एनडीए प्रत्याशी जदयू सांसद हरिवंश जीते। उनके खिलाफ विपक्ष ने मनोज झा को मैदान में उतारा था।
हरिवंश के चयन का गुलाम नबी आजाद ने किया स्वागत
एनडीए प्रत्याशी हरिवंश को राज्यसभा का उपसभापति चुने जाने पर कांग्रेस सासंद गुलाम नबी आजाद ने उन्हें शुभकामना दी है। आजाद ने कहा, यह दूसरी बार है जब वह (हरिवंश) सदन के उपसभापति चुने गए हैं। मैं उन्हें शुभकामना देता हूं। वह सभी दलों के सदस्यों के लिए निष्पक्ष रहे हैं।
'तू मोहब्बत से कोई चाल तो चल, हार जाने का हौसला है मुझमें'
उपसभापति के पद के लिए चुनाव हारने के बाद राजद सांसद मनोज झा ने कहा, यह दो व्यक्तियों के बीच का मामला नहीं था... अहमद फराज कहते हैं- तू मोहब्बत से कोई चाल तो चल, हार जाने का हौसला है मुझमें। बता दें कि मनोज झा राज्यसभा के उपसभापति का चुनाव हरिवंश के खिलाफ लड़ा था।