प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को यहां कांग्रेस के साथ-साथ विरोधियों को साफ संदेश दिया कि अब उत्तर से दक्षिण और केंद्र से राज्य को लड़ाने का काम नहीं चलने वाला। कर्नाटक की जनता ने इसका जवाब दे दिया है। पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव में लोकतंत्र के खिलाफ जो हिंसा हुई, वह चिंता का विषय है। भाजपा को उत्तर भारत और हिंदी क्षेत्र की पार्टी बतानेे वालों को भी जवाब मिल गया है।
प्रधानमंत्री ने भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि झूठ फैलाने वाले लोगों ने भाजपा को उत्तर भारत और हिंदी भाषी पार्टी के रूप में गलत ढंग से प्रचारित किया लेकिन कर्नाटक की जनता ने उन्हें करारा जवाब दे दिया है।
क्षेत्र, धर्म और भाषा के नाम पर बांटने वालों को यह नसीहत है। भाजपा देश को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान कर्नाटक की जनता ने मुझे इतना प्यार दिया कि भाषा कहीं आड़े नहीं आई। कर्नाटक की जनता ने यह साबित कर दिया है कि विघटनकारी शक्तियां कभी कामयाब नहीं होंगी।
मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के दौरान हुई हिंसा ने काफी आहत किया। राजनीतिक स्वार्थ के लिए चंद लोगों ने बंगाल को लहूलुहान कर दिया। काफी संख्या में निर्दोष लोग मारे गए। विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में हत्याएं हुईं।
लोकतंत्र के खिलाफ बंगाल में जो हुआ है वह चिंताजनक है। चुनाव के दौरान जिस प्रकार से लोकतंत्र की हत्या की गई वह शर्मनाक है। मेरी चिंता लोकतंत्र है। देश आज गर्व कर सकता है कि भाजपा लोकतंत्र से चलती है।
प्रधानमंत्री ने कर्नाटक में भाजपा को मिली सफलता के लिए पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, राज्य के लोगों, पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से कार्यकर्ताओं ने मिलकर काम किया उन्हें सलाम है। पसीने की महक कमल को खिलाती है। मैं कर्नाटक की जनता को तहेदिल से बधाई देता हूं। कर्नाटक के विकास के लिए भाजपा भी पीछे नहीं रहेगी।
खुशी भी है तो मन पर बोझ भी
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में निर्माणाधीन पुल हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि एक ओर कर्नाटक में मिली सफलता की खुशी है तो दूसरी ओर इस दुखद घटना से मन पर बोझ है।
वाराणसी में हुआ हादसा बेचैन कर देता है। मैंने हादसे में घायल लोगों को मदद पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अधिकारियों से बात की है और केंद्र की ओर से हर संभव सहायता दी जा रही है। सेना और अन्य संसाधनों के जरिए राहत-बचाव तेज किया गया है।
बहुमत नहीं मिला मगर जीत हमारी हुई, हम सरकार बनाने के बहुत
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता ने कर्नाटक को काग्रेस मुक्त कर दिया है। हमें बहुमत नहीं मिला लेकिन हमारी जीत हुई है। 104 सीटें लेकर हम सरकार बनाने के बहुत नजदीक हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पैसे और फर्जी वोटर के जरिए चुनाव जीतना चाहती थी। लेकिन कर्नाटक की जनता ने उन्हें नकार दिया, और कांग्रेस की कोशिश नाकाम हो गई। राज्य में भारतीय जनता पार्टी 40 से 104 पर पहुंच गई है। उन्होंने पीएम मोदी के कामों की भी सराहनाह की।