आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए शानदार मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को करारी हार देकर 2017 चैंपियनस ट्रॉपी की फाइनल में हार का बदला लिया। भारत की इस जीत से देशभर में दिवाली का महौल है। लोगों की खुशी का दूसरा सबसे बड़ा कारण ये भी है कि विराट कोहली ने एक बार फिर पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाया। बता दें कि कोहली ने 111 गेंदों में 100 रन बनाकर नाबाद रहकर भारत को जीत दिलाई।
गृह मंत्री ने दी शुभकामनाएं
भारत की इस जीत पर गृह मंत्री अमित शाह ने टीम इंडिया को बधाई दी और उनकी बेहतरीन खेल प्रदर्शन की सराहना की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अमित शाह ने लिखा कि "शानदार प्रदर्शन!! बहुत बढ़िया खेला टीम इंडिया। आपने दुनिया भर के लाखों क्रिकेट प्रशंसकों की उम्मीदों पर खरा उतरकर सभी को गौरवान्वित किया है। उन्होंने आगे कहा कि आपके भविष्य के मैचों के लिए मेरी शुभकामनाएं।
ममता बनर्जी ने दी शुभकामनाएं
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी भारतीय टीम की जीत पर शुभकामनाएं दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पाकिस्तान पर हमारे खिलाड़ियों की शानदार जीत पर खुशी महसूस कर रही हूं। इस मैच में शानदार जीत के लिए भारतीय टीम को बधाई।
अनुराग ठाकुर ने दी बधाई
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने भारतीय क्रिकेट टीम को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पाकिस्तान पर शानदार जीत के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम को बहुत-बहुत बधाई। यह 140 करोड़ भारतीयों की प्रार्थनाओं और हमारी टीम के बेहतरीन प्रदर्शन का नतीजा है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम पहली गेंद से ही हावी रही और विराट कोहली का शतक भी देखने को मिला। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और चैंपियंस ट्रॉफी जीतें।
इसके साथ ही महाराष्ट्र के नागपुर में पाकिस्तान पर भारत की इस जीत पर जश्न का महौल देखने को मिला।
एक नजर पूरे मुकाबले पर
भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को दुबई में खेले गए चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को छह विकेट से हराया, और इस जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। गौरतलब है कि पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने भारत को 242 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे भारतीय टीम ने आसानी से हासिल कर लिया।
विराट की आंधी पाकिस्तान का सफाया
भारत की जीत में कप्तान विराट कोहली ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, उन्होंने 51वें वनडे शतक की बदौलत टीम को मजबूती प्रदान की। कोहली ने इस मैच में 111 गेदों में 100 रनों की नाबाद पारी खेली। इसके अलावा, श्रेयस अय्यर ने 67 गेंदों में 56 रन बनाए और शुभमन गिल ने 52 गेंदों में 46 रनों की शानदार पारी खेली। इन तीनों खिलाड़ियों की बेहतरीन बल्लेबाजी के चलते भारत ने सात ओवर शेष रहते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।