आगामी लोकसाभा चुनावों की तारीखों के एलान से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के पश्चिम बंगाल दौरे पर पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल के आरामबाग से लोकसभा के लिए चुनाव प्रचार का आगाज किया। जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मुझे टीएमसी दुश्मन नंबर बनाती है लेकिन मोदी उनकी गालियों से झुकने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि लूटने वालों को मैं छोड़ने वाला नहीं हूं।
TMC नेता ने बहनों-बेटियों के साथ दुस्साहस किया- PM मोदी
संदेशखाली मामले पर पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी के नेता ने संदेशखाली में बहनों-बेटियों के साथ दुस्साहस की सारी हदें पार कर दीं। जब संदेशखाली की बहनों ने अपनी आवाज बुलंद की, ममता दीदी से मदद मांगी, तो बदले में बंगाल सरकार ने टीएमसी नेता को बचाने के लिए पूरी शक्ति लगा दी। यह संदेशखाली की घटनाएं शर्म की बात है। लगभग दो माह तक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया था। संदेशखाली की बहनों के साथ टीएमसी ने जो किया उसे देखकर पूरा देश गुस्से में है। मुझे यह देखकर शर्म आती है कि इंडिया गठंबधन के नेता संदेशखाली अत्याचारों पर चुप हैं। यहां तक केंद्रीय एजेंसियों को भी बंगाल में काम करने की इजाजत नहीं, टीएमसी उनकी कार्यप्रणाली के खिलाफ धरने पर बैठती है।
बंगाल के विकास में टीएमसी बाधक- पीएम मोदी
टीएमसी पर तीखा हमला करते हुए जनसभा में पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल के विकास में टीएमसी पूरी तरह से बाधक है। टीएमसी ने राज्य के गरीबों के घर तक नहीं बनने दिए। यहां तक कि केंद्र की जनकल्याण योजनाओं को टीएमसी ने रोका। आरामबाग में आयोजित रैली में पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और 'इंडिया' गठबंधन के लिए भ्रष्टाचारियों, परिवारवादियों और तुष्टिकरण करने वालों का साथ देना, यही एक काम बचा है और यही उनके लिए सबसे बड़ा काम है।
'हमारा लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित करना'
आरामबाग में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 21वीं सदी का भारत बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। हम सबने मिलकर 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा है। देश के गरीब, किसान, महिलाएं और युवा हमारी प्राथमिकता है। हमने गरीबों के विकास के लिए कई कदम उठाए हैं और दुनिया इसका नतीजा देख रही है।
मणिपुर जाने का समय नहीं, लक्षद्वीप घूमे मोदी-टीएमसी
संदेशखाली पर पीएम नरेंद्र मोदी के हमले से तिलमिलाई तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि पीएम के पास हिंसाग्रस्त मणिपुर जाने का समय नहीं है लेकिन लक्षद्वीप में स्नोर्केलिंग करने और गुजरात में स्कूबा डाइविंग का समय है। टीएमसी प्रवक्ता शांतनु सेन ने कहा, भाजपा शासित मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और मणिपुर में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार पर राजा राममोहन राय की आत्मा रो रही होगी। सेन ने कहा, ममता बनर्जी की सरकार ने पंचायतों में 50 फीसदी महिलाओं को आरक्षण दिया। महिलाओं के विकास के लिए कैसे काम करना है यह ममता सरकार से सीखना चाहिए।