प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अप्रैल को जम्मू से कश्मीर को जोड़ने वाली नौ किलोमीटर लंबी चिनैनी-नाशरी टनल को देश को समर्पित करेंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर पड़ने वाले इस टनल की वजह से दोनों शहरों की बीच सफर का समय करीब दो घंटा कम हो जाएगा। 2500 करोड़ रुपये की लागत से बने इस टनल के रास्ते जम्मू से कश्मीर जाने वाले यात्रियों और वाहनों को 31 किलोमीटर कम दूरी तय करनी पड़ेगी। इससे बर्फ से ढंके रहने वाले ऊपरी हिस्से को पार करने से यात्री बचेंगे।
सरकारी आंकलन के मुताबिक इससे रोज करीब 27 लाख रुपये के इंधन की बचत होगी। यह टनल हर तरह की सुरक्षा इंतजामों से लैंस है और हर मौसम में इससे यात्रा की जा सकती है। केंद्र और राज्य सरकार का मानना है कि इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।