चार करोड़ से अधिक कर्मचारियों के भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने पीएफ गिरवी रखकर कर्मचारियों के लिए अगले साल से घर खरीदने की सुविधा को हरी झंडी दे दी है। इसके तहत कर्मचारी पीएफ से कर्ज ले सकते हैं और मासिक किश्त से इसका भुगतान कर सकते हैं।
ईपीएफओ के केंद्रीय आयुक्त वीपी जॉय ने बताया कि हम ईपीएफओ के उपभोक्ताओं के लिए हाउसिंग स्कीम लाने जा रहे हैं। मार्च के अंत तक पीएफ निकासी की ऑनलाइन सेवा शुरू करने के बाद 2017-18 में हाउसिंग स्कीम पेश करेंगे। इस योजना के तहत कर्मचारी अपनी पीएफ राशि गिरवी रखकर घर खरीद सकते हैं और कर्ज का भुगतान ईपीएफ खाते से ईएमआई के जरिये कर सकते हैं।
इस योजना के तहत ईपीएफओ अपने उपभोक्ताओं के लिए गारंटर बनेगा ताकि वे अपनी सेवा अवधि के दौरान खुद के लिए किफायती घर खरीद सकें। हालांकि अपने उपभोक्ताओं के लिए जमीन खरीदने या मकान बनाने की संगठन की कोई योजना नहीं है।