इंडोनेशिया के पूर्वी भाग में एक मृत व्हेल के पेट से भारी संख्या में प्लास्टिक निकला है। व्हेल के पेट से प्लास्टिक के कप, बोतल और फ्लिप-फ्लॉप मिले हैं। इस बात की जानकारी एक अधिकारी ने दी। दुनिया के प्लास्टिक प्रदूषण वाले देशो में शामिल इंडोनेशिया में इस घटना के बाद पर्यावरणविदों और सरकारी अधिकारियों ने चिंता व्यक्त की है।
वटोबी नेशनल पार्क के बचावकर्मियों का कहना है कि मंगलवार को उन्हें 9.5 मीटर लंबी व्हेल का शव मिला। पार्क के प्रमुख हैरी सैंटोसो ने कहा कि वाइल्ड लाइफ कंजर्वेशन ग्रुप के रिसर्चर और पार्क की कंजर्वेशन एकेडमी को व्हेल के पेट से 5.9 किलो (13 पाउंड) प्लास्टिक का कचरा मिला है। इस कचरे में 115 प्लास्टिक के कप, चार प्लास्टिक की बोतल, 25 प्लास्टिक के बैग, 2 फ्लिप फ्लॉप, एक नायलॉन का थैला और करीब एक हजार प्लास्टिक के अन्य टुकड़े मिले हैं।