दवा कंपनी फाइजर ने गुरुवार को कहा कि देश में फाइजर और बायोएनटेक टीका उपलब्ध कराने के लिए वह भारत सरकार के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन दुनिया का पहला ऐसा देश बन गया है जिसने फाइजर और बायोएनटेक के टीके के आकस्मिक इस्तेमाल को मंजूरी प्रदान कर दी। ब्रिटेन के दवा नियामक ‘मेडिसिंस एंड हेल्थकेयर प्रोडक्ट्स रेग्युलेटरी एजेंसी’ ने वैक्सीन को अस्थायी मंजूरी दे दी है। यह टीका ब्रिटेन में अगले हफ्ते से उपलब्ध होगा।
फाइजर के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘अभी हम कई सरकारों के साथ बातचीत की प्रक्रिया में है। हम देश में टीका उपलब्ध कराने के लिए भारत सरकार के साथ काम करने के लिए भी प्रतिबद्ध हैं।’ फाइजर ने कहा कि हर किसी के पास वैक्सीन तक पहुंचने का अवसर सुनिश्चित है। विशेषकर वह सरकारों के साथ काम कर रही है। बयान में कहा गया है कि कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के इस दौर में फाइजर इस वैक्सीन को सिर्फ सरकारी अनुबंधों के माध्यम से उपलब्ध कराएगी।’