मदरसे को सील करती एटीएस की टीम
- फोटो : ANI
गुजरात एटीएस ने शुक्रवार को वडोदरा में पापुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) से जुड़े एक मदरसे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया है। इससे पहले अखिल भारतीय इमाम परिषद पर प्रतिबंध लगाया गया था। एटीएस से मिली जानकारी के मुताबिक इसी मदरसे में अखिल भारतीय इमाम परिषद के सदस्यों और अन्य की बैठक हुई थी। मौके से हिरासत में लिए गए ट्रस्टियों से एटीएस पूछताछ कर रही है। केरल के विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किए गए पीएफआई के 11 सदस्यों का रिमांड खत्म होने पर कोच्चि की विशेष एनआईए अदालत में पेश किया गया है। सभी को 21 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
केरल में पीएफआई का मुख्यालय किया गया सील
एनआईए के अधिकारियों ने कोझीकोड के मीचंदा में पीएफआई के राज्य मुख्यालय को सील कर दिया। उन्होंने स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में इसकी दीवारों पर एक नोटिस चस्पा किया है।
कट्टरपंथी इस्लामी संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया को किया गया था बैन
कट्टरपंथी इस्लामी संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) को आंतकी फंडिंग व अन्य गतिविधियों के चलते भारत में पांच साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है। यूएपीए एक्ट के तहत इस संगठन पर प्रतिबंध लगाया गया है। PFI एक कट्टरपंथी संगठन है। 2017 में NIA ने गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर इस संगठन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी।
इन संगठनों पर भी लगा बैन
रिहैब इंडिया फाउंडेशन, कैंपस फ्रंट ऑफ इंडिया, ऑल इंडिया इमाम काउंसिल, नेशनल कॉन्फेडरेशन ऑफ ह्यूमन राइट्स ऑर्गनाइजेशन, नेशनल विमेन फ्रंट, एम्पावर इंडिया फाउंडेशन
रिहैब फाउंडेशन(केरल), जूनियर फ्रंट