दुनिया के तमाम देशों के मुकाबले भारत में कीटनाशकों का प्रयोग सबसे कम होता है। कृषि मंत्रालय का कहना है कि देश में जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ ही किसानों को कीटनाशकों के कम प्रयोग के लिए जागरूक भी किया जाता है।
कृषि मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, तमाम देशों की तुलना में कीटनाशकों का सबसे कम उपयोग भारत में होता है। मंत्रालय का कहना है अमेरिका, यूरोप, जापान और कोरिया में भारत की अपेक्षा प्रति हेक्टेयर कीटनाशक की खपत कई गुना ज्यादा है। भारत में जहां प्रति हेक्टेयर 0.5 किलोग्राम कीटनाशक का प्रयोग किया जाता है। वहीं, अमेरिका में 7 किलोग्राम कीटनाशक प्रति हेक्टेयर, यूरोप में 2.5 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर, जापान में 12 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर और कोरिया में 6.6 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर कीटनाशक का प्रयोग किया जाता है।
देश में कृषि मंत्रालय कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग को रोकने के लिए किसानों को जागरुक करता है और उन्हें बताता है कि निर्धारित मात्रा में इसका उपयोग ही मानव, जानवर और पर्यावरण के लिए उचित है।
निगरानी करता है मंत्रालय
कृषि मंत्रालय निरंतर कीटनाशकों के उपयोग और उनकी गुणवत्ता की निगरानी भी करता है। देश का कोई भाग अगर एक सीमा से अधिक कीट से प्रभावित होता है तो मंत्रालय तत्काल कदम उठाता है लेकिन इस दौरान भी कीटनाशकों के प्रयोग की सीमा निर्धारित होती है। इसके लिए प्रशिक्षित लोगों की टीम काम करती है।
जैविक प्रमाणीकरण को बढ़ावा
मंत्रालय के मुताबिक, सरकार ने जैविक प्रमाणीकरण को बढ़ावा देने के लिए कृषि उत्पाद अधिनियम के तहत नए नियम बनाए हैं। साथ ही उर्वरक नियंत्रण आदेश के तहत जैव उर्वरकों और जैविक उर्वरकों के विनिर्माण के लिए अनिवार्य निर्देश अधिसूचित किए हैं। भारतीय खाद्य मानक और सुरक्षा प्राधिकरण ने जैविक खाद्य उत्पादों के लिए वैध राष्ट्रीय जैविक उत्पादन और भागीदारी गारंटी प्रणाली के प्रमाणन प्रक्रिया को भी मान्यता दी है।