बीजेपी के फायर ब्रांड नेता संगीत सोम ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया है कि उसकी तुष्टिकरण की नीति के चलते ही प्रदेश में 430 दंगे हो चुके हैं और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव विकास के दावों का भ्रामक प्रचार कर प्रदेश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। बीजेपी में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को अपना गॉडफादर मानने वाले संगीत सोम ने एक प्रश्न के उत्तर में स्वीकार किया कि अगर चुनाव के बाद मुख्यमंत्री के तौर पर उनके नाम की चर्चा हुई तो वह पूरी जिम्मेदारी के साथ इस दायित्व को निभाने के लिए तैयार हैं।
‘अब और कैराना नहीं बनने देंगे’
अमर उजाला टीवी के खास कार्यक्रम ‘शुक्ल पक्ष’ में रविवार को संगीत सोम ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बीजेपी की चुनावी रणनीति को लेकर कई सवालों के जवाब दिए। संगीत सोम ने कहा कि पिछले कई साल से ‘पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता बहुत त्रस्त रही है, ‘अब इसका बदला लेने का समय आ गया है। समाजवादी पार्टी की सरकार में एक ही वर्ग को दबाया गया है लेकिन वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अब और कैराना, बुढ़ाना, सरधना नहीं बनने देंगे।
‘एसपी खून की नदियों में नाव चलाती है’
ये पूछे जाने पर कि एक तरफ तो वह समाजवादी पार्टी के आपराधिक तत्वों पर कानून व्यवस्था हाथ में लेने की बात करते हैं, वहीं दूसरी तरह वह खुद भी इन आरोपों से घिर रहे हैं। सोम ने कहा कि वह हमेशा कानून का पालन करते रहे और उन्होंने कभी कानून तोड़ने का काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सिर्फ खून की नदियों में नाव चलाना जानती है और इन्हीं नीतियों के चलते प्रदेश में मुजफ्फरनगर समेत 430 दंगे हुए हैं।
‘केंद्र के काम पर मिलेगा यूपी में वोट’
संगीत सोम इस बात को लेकर आश्वस्त दिखे कि उत्तर प्रदेश में कोई सीएम फेस न होने के बावजूद बीजेपी को उम्मीद से कहीं अधिक वोट अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव में मिलेंगे। बीजेपी नेता ने कहा कि यूपी की जनता केंद्र सरकार के काम पर वोट देगी। पिछले ढाई साल में केंद्र सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा है। सोम ने इस बात से भी इंकार किया कि बीजेपी से आने से पहले वह किसी अन्य पार्टी से भी राजनीति कर चुके हैं। अमर उजाला टीवी से उन्होंने साफ कहा कि वह जब से राजनीति में आए हैं, नरेंद्र मोदी के पदचिन्हों पर ही चले हैं और कभी किसी दूसरी पार्टी में नहीं रहे। हालांकि, उन्होंने साथ में ये भी जोड़ा कि उनको राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के चलते जगह मिली और जहां भी कल्याण सिंह गए, वह उनके साथ ही रहे।
देखें वीडियो-